एट्रोसिटी केस में कार्रवाई से उठे राजनीतिक सवाल
ऑपरेशन क्लीन हंट का असर, युवक से मारपीट और जातिसूचक अपमान मामले में मुख्य आरोपी पहुंचा जेल
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन क्लीन हंट” अभियान के तहत चर्चित मारपीट और एट्रोसिटी मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी तरणजीत भाठिया और बबलू दास महंत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी के बाद मामला अब राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है।

पुलिस के अनुसार, विजयम उत्सव मैरिज गार्डन के पास युवक से मारपीट और जातिसूचक अपमान के आरोप में दोनों आरोपियों के खिलाफ चक्रधरनगर थाना में गंभीर धाराओं एवं एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया था। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है।

इस मामले ने इसलिए भी राजनीतिक रंग पकड़ लिया है क्योंकि गिरफ्तार आरोपी तरणजीत सिंह भाठिया का नाम भारतीय जनता युवा मोर्चा रायगढ़ जिला कार्यकारिणी में जिला उपाध्यक्ष पद पर दर्ज है। सोशल मीडिया पर कार्यकारिणी सूची की प्रतियां वायरल होने के बाद लोगों के बीच यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी पदाधिकारियों को संगठनात्मक पदों पर बने रहना चाहिए। लोगों का मानना है कि राजनीतिक दलों की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में स्पष्ट नीति और समयबद्ध निर्णय आवश्यक हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि जब किसी पदाधिकारी के विरुद्ध गंभीर धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज होता है, तो उसका प्रभाव केवल संबंधित व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उससे जुड़े संगठन की छवि और सार्वजनिक विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न लगते हैं। ऐसे मामलों को लेकर जनता के बीच पार्टी की छवि प्रभावित होने और संगठन की साख धूमिल होने जैसी चर्चाएं भी सामने आती हैं। हालांकि किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध दर्ज प्रकरण में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा ही किया जाएगा। फिलहाल सबकी नजर भाजपा संगठन पर है कि वह इस मामले को किस प्रकार देखता है और क्या कोई संगठनात्मक कदम या आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आती है।

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार राजनीतिक और सामाजिक हलकों में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि जिन पदाधिकारियों या कार्यकर्ताओं के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामलों में एफआईआर दर्ज हो या जो गंभीर अपराधों में आरोपी हों, उनके संबंध में राजनीतिक दलों को स्पष्ट और पारदर्शी नीति अपनानी चाहिए। लोगों का मानना है कि सार्वजनिक जीवन में कार्यरत व्यक्तियों से उच्च नैतिक आचरण की अपेक्षा की जाती है और ऐसे मामलों में संगठन द्वारा समय-समय पर समीक्षा की जानी चाहिए। हालांकि, तरणजीत भाठिया के मामले में भारतीय जनता पार्टी या भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से अब तक कोई आधिकारिक निर्णय या बयान सामने नहीं आया है।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद पूरे मामले पर राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर चर्चा तेज हो गई है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि संगठन स्तर पर इस मामले को लेकर कोई निर्णय लिया जाता है या नहीं।
Related Articles

सूर्योदय क्लिनिक के बाहर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, लू लगने से मौत की आशंका
May 29, 2026
छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस के ऑफिशियल पेज से बीजेपी नेता की पोस्ट डिलीट, संगठन के भीतर “फूल छाप” नेटवर्क पर उठे सवाल
May 28, 2026
