Skip to content

चर्चित मारपीट और एट्रोसिटी केस के फरार आरोपी तरणजीत भाठिया और बबलू महंत गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन क्लीन हंट” अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पिछले वर्ष विजयम उत्सव मैरिज गार्डन के पास हुए चर्चित मारपीट और एट्रोसिटी मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी तरणजीत सिंह भाठिया और बबलू दास महंत को चक्रधरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया

है।जानकारी के अनुसार, 24-25 मई 2025 की रात एक युवक का रास्ता रोककर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने न केवल उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि उसकी जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां भी की थीं। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

घटना के बाद चक्रधरनगर थाना में गंभीर धाराओं के साथ-साथ एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहे थे और पुलिस की गिरफ्त से बचने का प्रयास कर रहे थे। नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में लगातार चल रही तलाश और छापेमारी के बाद पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले इस मामले में अंकुल ठाकुर और मनीष उर्फ बिहारी बाबू को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपियों, वारंटियों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।