Skip to content

रायगढ़ में शराब बिक्री से रिकॉर्ड राजस्व: 40% की बढ़ोतरी, 260 करोड़ पहुंचा आय का आंकड़ा

रायगढ़। रायगढ़ जिले में आबकारी विभाग ने इस वित्तीय वर्ष में रिकॉर्ड राजस्व अर्जित किया है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार करीब 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जहां पिछले वित्तीय वर्ष में 186 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था, वहीं इस वर्ष यह बढ़कर 260 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

शराब बिक्री में भी बड़ा उछाल
आंकड़ों के अनुसार, जिले में शराब की कुल बिक्री भी बढ़ी है। पिछले वर्ष जहां करीब 375 करोड़ रुपये की शराब बिकी थी, वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 444 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यानी लगभग 19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

विदेशी और देशी शराब दोनों की खपत बढ़ी
विदेशी शराब की बिक्री 186 करोड़ रुपये से बढ़कर 216 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। वहीं देशी शराब की बिक्री 143 करोड़ से बढ़कर 170 करोड़ रुपये हो गई है।

मात्रा के हिसाब से भी खपत में वृद्धि दर्ज की गई है। विदेशी शराब की खपत 14.69 लाख प्रूफ लीटर से बढ़कर 18.31 प्रूफ लीटर हो गई, जबकि बीयर की बिक्री 13.02 बल्क लीटर से बढ़कर 18.05 बल्क लीटर तक पहुंच गई। देशी शराब की खपत भी 15.34 पीएल से बढ़कर 20.54 पीएल हो गई है।

आबकारी विभाग की राजस्व में अहम भूमिका
प्रदेश के राजस्व में खनिज, जीएसटी और पंजीयन के साथ आबकारी विभाग की भी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। विभाग द्वारा संचालित शराब दुकानों का संचालन सरकारी व्यवस्था के तहत किया जाता है, जबकि कर्मचारी प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से तैनात होते हैं।

बढ़ती खपत पर चर्चा जारी
शराब की कीमतों में वृद्धि के बावजूद बिक्री में गिरावट नहीं आई है, बल्कि खपत में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। खासकर बीयर और विदेशी शराब की मांग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।