Bilaspur Bird Flu: छत्तीसगढ़ के Bilaspur में बर्ड फ्लू से हालात गंभीर होते जा रहे हैं। कोनी स्थित पोल्ट्री फार्म में एवियन इन्फ्लूएंजा की पुष्टि के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए 10 किलोमीटर के दायरे में चिकन और अंडों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी है। इसका सीधा असर शहर के कारोबार पर पड़ा है, जहां रोजाना करीब 50 लाख रुपए का व्यापार ठप हो गया है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम, पशुपालन और खाद्य विभाग की टीमें लगातार मैदान में हैं। जो पोल्ट्री फार्म, होटल और चिकन दुकानों को बंद कराया जा रहा है। इसके साथ ही अगर कहीं नियमों का उल्लंघन करते हुए चिकन या अंडे बिकते मिले, तो सामान जब्त कर नष्ट किया जा रहा है।
इन इलाकों में अधिक खतरा
पशुपालन विभाग के मुताबिक, संक्रमण वाले क्षेत्र के आसपास 10 किमी तक पूरी तरह प्रतिबंध लागू है, जबकि 1 किलोमीटर के दायरे में और भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए 9 अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जो लगातार जांच कर रही हैं। सेंदरी, मोपका, तोरवा, सकरी, उसलापुर जैसे कई इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
इस बीच कुछ जगहों पर लापरवाही भी सामने आई है। टीमों के पहुंचते ही दुकानें बंद हो जाती हैं, लेकिन उनके जाते ही फिर से खुल जाती हैं। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए सख्त चेतावनी दी है।
25 हजार अंडों को किया नष्ट
संक्रमण को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है। करीब 5 हजार मुर्गियों की मौत के बाद 22 हजार से ज्यादा पक्षियों और 25 हजार अंडों को नष्ट किया गया है, जिससे वायरस आगे न फैले। एहतियात के तौर पर Kanan Pendari Zoo को 7 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
चिंता की बात यह भी है कि मुर्गियों की मौत के बाद भी अंडे और चूजों की सप्लाई संभाग के अन्य जिलों में की जा रही है। खमतराई इलाके में मरी हुई मुर्गियां फेंके जाने की घटना भी सामने आई है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। कोनी क्षेत्र में घर-घर सर्वे किया गया, जिसमें कुछ लोगों में हल्के सर्दी-बुखार के लक्षण मिले हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग दोनों अलर्ट मोड पर हैं।
अधिकारियों का कहना है कि आने वाले 7 से 10 दिनों तक यह सख्ती जारी रह सकती है। लोगों से अपील की गई है कि वे चिकन और अंडों से परहेज करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की तुरंत सूचना प्रशासन को दें।