Skip to content

“जहां कांग्रेस ने आंखें मूंदी, वहां भाजपा ने की सख्त कार्रवाई”—नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पर सरकार, भाजयुमो नेता आकाश शर्मा का बयान

प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत करने और नशे के खिलाफ अभियान पर भाजपा का जोर, सरकार की कार्रवाई पर जताया भरोसा
रायगढ़। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला प्रवक्ता आकाश शर्मा ने प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार की सराहना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और समाज को नशे के जाल से मुक्त करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


अफीम और नशीले पदार्थों की लगातार जब्ती से साफ—सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर कर रही काम
आकाश शर्मा ने कहा कि हाल ही में रायगढ़ सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अफीम और अन्य नशीले पदार्थों की लगातार जब्ती यह दर्शाती है कि सरकार नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हजारों वाहनों की जब्ती और अवैध ठिकानों पर कार्रवाई इस दिशा में बड़े कदम हैं।


नशे के कारोबारियों पर सख्ती, अवैध निर्माण और ठिकानों पर भी चल रही कार्रवाई
उन्होंने आगे कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के अवैध निर्माणों और ठिकानों को ध्वस्त किया जा रहा है। यह स्पष्ट संकेत है कि सरकार किसी भी प्रकार के अपराध को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है और कानून का राज स्थापित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


कांग्रेस शासनकाल पर निशाना—“उस समय खुलेआम फल-फूल रहा था नशे का कारोबार”
आकाश शर्मा ने कांग्रेस के पिछले कार्यकाल पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उस दौरान नशे का कारोबार खुलेआम चल रहा था। यहां तक कि विधानसभा क्षेत्रों में भी अफीम की खेती हो रही थी, लेकिन प्रशासन मौन बना रहा।


भाजपा सरकार के गठन के बाद बदली तस्वीर—अवैध खेती पर तत्काल कार्रवाई और फसल नष्ट
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के गठन के बाद जहां-जहां अफीम की खेती पाई गई, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए फसलों को नष्ट किया गया और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए गए। यह सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और सक्रियता को दर्शाता है।


कानून का राज स्थापित करने की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध, नशा मुक्त समाज की ओर बढ़ते कदम
आकाश शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सरकार लगातार ठोस और प्रभावी कदम उठा रही है, जिसका सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहा है।