Skip to content

ईद-उल-फितर भाईचारे और सौहार्द का पैगाम देती है: हाजी वसीम अहमद

देशभर में आज मनाई जाएगी ईद-उल-फितर, सुबह 9:30 बजे मस्जिदों में अदा होगी नमाज़

एमएम: ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी वसीम अहमद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी कि देशभर में आज ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुबह 9:30 बजे इंशाअल्लाह सभी मस्जिदों में ईद की नमाज़ अदा की जाएगी।


30 दिनों के रोजों के बाद आता है ईद का पर्व, अल्लाह की नेमतों का किया जाता है शुक्र अदा

हाजी वसीम अहमद ने कहा कि 30 दिनों तक मुकम्मल रोजे रखने के बाद रमजान का पवित्र महीना समाप्त होता है और ईद का दिन अल्लाह की नेमतों के प्रति शुक्रगुजार होने तथा समाज में भाईचारे को मजबूत करने का अवसर होता है।


रमजान सिर्फ इबादत नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और समाज सेवा का संदेश भी देता है

उन्होंने कहा कि रमजान केवल रोजा रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मा की शुद्धि, धैर्य की परीक्षा और समाज सेवा का महीना है। यह महीना हमें अपने रब से जुड़ने, दिल को साफ रखने और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।


भूख-प्यास का अनुभव कर गरीबों की तकलीफ को समझने का अवसर देता है रमजान

हाजी वसीम अहमद ने कहा कि रोजे के दौरान भूख और प्यास का अनुभव इंसान को समाज के उन लोगों की स्थिति समझने में मदद करता है, जो रोजाना इसी हालात से गुजरते हैं। यह एहसास लोगों को जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने जकात, सदका और फितरा के महत्व पर भी जोर देते हुए कहा कि इससे समाज में आर्थिक संतुलन बना रहता है और कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे।


ईद-उल-फितर सामूहिकता, भाईचारे और एकता का प्रतीक है

उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार मूल रूप से प्रेम, भाईचारा और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने वाला पर्व है। इस दिन लोग आपसी गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे के साथ मिलकर खुशियां मनाते हैं और शांति व बरकत की दुआ करते हैं।


सभी धर्मों के प्रति सम्मान और सौहार्द बनाए रखने का दिया संदेश

वसीम अहमद ने यह भी कहा कि इस्लाम हमें न केवल अपने समाज के लोगों से बल्कि अन्य धर्मों के अनुयायियों के प्रति भी सम्मान, प्रेम और अच्छे व्यवहार की शिक्षा देता है, ताकि समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारा बना रहे।


देशवासियों को दी ईद की मुबारकबाद

अंत में हाजी वसीम अहमद ने देशवासियों को ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।