कैलाश निषाद खरसिया और गिरधारी लाल निषाद को लैलूंगा विधानसभा अध्यक्ष की कमान
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मछुआरा समाज के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। राष्ट्रीय मछुआरा संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश ने एक बड़ा संगठनात्मक विस्तार करते हुए रायगढ़ जिला मछुआरा समाज के तीन प्रमुख युवाओं को बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
राष्ट्रीय मछुआरा संघ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती गायत्री गायग्वाल ने समाज के प्रति निष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए सुरेश ढीमर (मोनू जलतारे) को युवा प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है। इसके साथ ही, खरसिया विधानसभा क्षेत्र के लिए कैलाश निषाद और लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के लिए गिरधारी लाल निषाद को विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त किया है।

इन तीनों नियुक्तियों की खबर मिलते ही रायगढ़ जिले के मछुआरा समाज में खुशी की लहर दौड़ गई है। समाज के प्रमुख नेताओं, युवाओं और आम जनता ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाइयां दी हैं और संघ के इस निर्णय का स्वागत किया है।
तीसरी बड़ी शक्ति को राजनीतिक पहचान दिलाने का संकल्प
यह नियुक्तियां मात्र संगठनात्मक पद नहीं हैं, बल्कि छत्तीसगढ़ में मछुआरा समाज (केंवट, धीवर, कहार, भोई, मल्लाह, ढीमर, कहरा) की राजनीतिक उपेक्षा को समाप्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। संख्या बल के दृष्टिकोण से छत्तीसगढ़ में मछुआरा समाज तीसरे स्थान पर है, लेकिन राजनीतिक भागीदारी के मामले में समाज लंबे समय से उपेक्षित महसूस कर रहा है।
राष्ट्रीय मछुआरा संघ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती गायत्री गायग्वाल ने इस पीड़ा को समझी और समाज की ताकत और एकता को मजबूत करने के लिए प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्तियों का अभियान शुरू किया है। उनका लक्ष्य ग्राम पंचायत से लेकर शहर तक समाज को संगठित करना है।
मिशन 2028: शक्ति प्रदर्शन और भागीदारी की तैयारी
इन नियुक्तियों के साथ ही राष्ट्रीय मछुआरा संघ ने स्पष्ट कर दिया है कि वह आगामी 2028 के विधानसभा चुनावों के लिए अभी से ही तैयारी शुरू कर रहा है। संघ का उद्देश्य समाज को राजनीतिक क्षेत्र में भागीदारी दिलाना है, जिसके लिए समाज अब संगठित होकर अपनी शक्ति का प्रदर्शन करेगा।
सुरेश ढीमर (मोनू जलतारे) को प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी मिलने से रायगढ़ जिले का कद संगठन में बढ़ा है, वहीं खरसिया और लैलूंगा में विधानसभा अध्यक्षों की नियुक्ति से समाज को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। निश्चित ही, इन नियुक्तियों से आने वाले समय में मछुआरा समुदाय को एक बड़ी उपलब्धि मिलने की उम्मीद है, जिससे समाज का समग्र विकास संभव हो सकेगा।
इस अवसर पर नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संघ के नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और समाज के कल्याण के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करने का संकल्प लिया। रायगढ़ मछुआरा समाज में बधाइयों का दौर निरंतर जारी है।
Related Articles

पतंजलि द्वारा विश्व योग दिवस पर होंगे विविध आयोजन
Jun 18, 2026
बढ़ती महंगाई पर पत्रकारों के सवालों पर महापौर की चुप्पी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुख्ता प्रमाण- राजेश …
Jun 18, 2026
