Skip to content

बस्तर में CRPF जवानों का क्रिकेट जलवा: इंटर बटालियन टूर्नामेंट में 241 बस्तरिया बटालियन ‘सेडवा सुपर किंग’ बनी चैंपियन

जगदलपुर रेंज में खेल भावना का शानदार प्रदर्शन, राजूर स्टेडियम में हुआ इंटर बटालियन क्रिकेट टूर्नामेंट

जगदलपुर, 14 मार्च 2026। बस्तर जिले के ग्राम सेडवा स्थित राजूर स्टेडियम में 241 बस्तरिया बटालियन सीआरपीएफ के तत्वावधान में इंटर बटालियन क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का भव्य आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता पुलिस उप महानिरीक्षक जगदलपुर रेंज एस. अरुल कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें जवानों ने खेल भावना और उत्साह के साथ भाग लिया।


चार बटालियन की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले, फाइनल में 241 बस्तरिया बटालियन ने मारी बाजी

टूर्नामेंट में जगदलपुर रेंज की चार बटालियनों की टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें 80 बटालियन की टीम कोलेंग नाइट राइडर्स, 188 बटालियन की डोलेरेस रॉयल चैलेंजर्स, 227 बटालियन की तोंगपाल टाइटन्स तथा 241 बस्तरिया बटालियन की सेडवा सुपर किंग शामिल रहीं। कड़े मुकाबलों के बाद फाइनल मैच में 241 बस्तरिया बटालियन की सेडवा सुपर किंग टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 80 बटालियन कोलेंग नाइट राइडर्स को पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।


डीआईजी एस. अरुल कुमार ने किया टूर्नामेंट का शुभारंभ, जवानों को फिटनेस और खेल के लिए किया प्रेरित

प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ पुलिस उप महानिरीक्षक जगदलपुर रेंज एस. अरुल कुमार, आईपीएस ने किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से जवानों में आपसी समन्वय, मानसिक और शारीरिक क्षमता के साथ-साथ प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने जवानों को नियमित रूप से खेलकूद में भाग लेकर अपने स्वास्थ्य और फिटनेस को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।


सीआरपीएफ सुरक्षा के साथ सामाजिक विकास के लिए भी प्रतिबद्ध — डीआईजी

डीआईजी अरुल कुमार ने कहा कि सीआरपीएफ केवल आमजनों की सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि उनके विकास, जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। प्रतियोगिता के समापन पर उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।


अधिकारियों और जवानों की मौजूदगी में हुआ भव्य समापन

कार्यक्रम के दौरान कमांडेंट हरविंदर सिंह (241 बटालियन), कमांडेंट जितेंद्र कुमार (80 बटालियन), कमांडेंट भावेश चौधरी (188 बटालियन), द्वितीय कमान अधिकारी संजीव सिंह (227 बटालियन), संजय कुमार, दिनेश कुमार (स्टाफ अधिकारी, रेंज जगदलपुर), उप कमांडेंट निरंजन कुमार निराला, उप कमांडेंट अमरजीत गुप्ता, सहायक कमांडेंट प्रमोद कुमार सिंह सहित 241 बस्तरिया बटालियन के अधिकारी और जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।