Skip to content

रायगढ़ में रिश्तों पर वार: पुराने विवाद में पति ने हसिया से किया जानलेवा हमला, घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घरेलू विवाद ने लिया खतरनाक मोड़, धारदार हसिया से महिला पर प्राणघातक हमला

रायगढ़, 14 मार्च। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला पर धारदार हसिया से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। बताया जा रहा है कि महिला और आरोपी के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था, जो अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।


प्रेम विवाह के बाद साथ रह रहे थे, पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह

मामले में प्रार्थी संतोष दास महंत (32 वर्ष) निवासी तेंदूभाठा ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी सास संतोषी महंत ने वर्ष 2011 में तुलेश्वर चौहान निवासी जोंगरा जिला सक्ती से प्रेम विवाह किया था और दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। हाल ही में दोनों तेंदूभाठा स्थित उनके घर में मकान निर्माण कार्य में सहयोग करने आए हुए थे।


रात में झगड़ा बढ़ा और आरोपी ने हसिया से किया हमला

बताया गया कि 12 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे गांव के एक पड़ोसी ने फोन कर संतोष महंत को सूचना दी कि तुलेश्वर चौहान ने झगड़े के दौरान लोहे के धारदार हसिया (परसूल) से संतोषी महंत पर हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत घरघोड़ा अस्पताल पहुंचे, जहां महिला के गर्दन, ठुड्डी और हाथ की उंगलियों में गंभीर चोटें पाई गईं और काफी खून बह रहा था।


मेडिकल रिपोर्ट के बाद हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी, आरोपी ने किया अपराध स्वीकार

घटना की सूचना पर घरघोड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक रूप से भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया। बाद में पीड़िता की चिकित्सकीय रिपोर्ट मिलने पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109(1) भी जोड़ी गई। पूछताछ के दौरान आरोपी तुलेश्वर चौहान (39 वर्ष) ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हसिया भी जब्त कर लिया है।


तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

घरघोड़ा पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को 13 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई खेमराज पटेल, प्रधान आरक्षक पारसमनी बेहरा और आरक्षक भानु चंद्रा की अहम भूमिका रही।


हिंसक घटनाओं पर रायगढ़ पुलिस का कड़ा रुख, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंसक घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।