ध मा शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के पाँचवें, छठे एवं सातवें दिवस पर ग्राम में विविध सामाजिक एवं जागरूकता गतिविधियाँ उत्साहपूर्वक आयोजित की गईं। स्वयंसेविकाओं ने ग्राम का सर्वेक्षण कर आवश्यक जानकारियाँ एकत्रित कीं तथा विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाकर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

उचित मूल्य की दुकान के समीप ग्रामीणों के मध्य “नशा मुक्ति” विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। यही नुक्कड़ नाटक समापन समारोह में भी विद्यार्थियों और सभी उपस्थित लोगों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को शिक्षण कार्य कराया गया तथा खेल एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अंतिम दिवस ग्रामवासियों एवं विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।

ग्रामीण महिलाओं के लिए मेहंदी एवं बैग निर्माण प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, जिससे उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरणा मिली।
समापन समारोह में प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक लोकनृत्य प्रस्तुत किए गए। शिविर का प्रतिवेदन एनएसएस सहायक अधिकारी एवं व्याख्याता अलका तिवारी द्वारा प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में सरपंच तामेश्वरी कश्यप, सरपंच पति श्याम सुंदर कश्यप, उपसरपंच चम्पा मौर्य, ग्राम सभा अध्यक्ष मोहंती कश्यप, पंच परशुराम कश्यप, पंच जुगल बघेल, ग्राम पटेल लच्छूराम कश्यप, एएसआई दुशीला भारद्वाज, तथा प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक दीपशिखा टोपो एवं शंकर कश्यप उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत श्रीफल एवं स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित किताब भेंट कर किया गया।

शिविर के दौरान एएसआई दुशीला भारद्वाज द्वारा ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों तथा गुड टच-बैड टच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों एवं महिलाओं को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन का अभिन्न अंग बनाने पर बल दिया तथा स्वयंसेविकाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, संवेदनशीलता और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

एनएसएस इकाई द्वारा ग्राम को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया गया। शिविर की सफलता में एनएसएस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें व्याख्याता सुषमा देवांगन, अलका तिवारी, प्रीति बर्मन, विनीता जैन एवं एंजलिन मैथ्यू का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।
Related Articles

पतंजलि द्वारा विश्व योग दिवस पर होंगे विविध आयोजन
Jun 18, 2026
बढ़ती महंगाई पर पत्रकारों के सवालों पर महापौर की चुप्पी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुख्ता प्रमाण- राजेश …
Jun 18, 2026
