जगदलपुर। शहर के हृदय स्थल सीरासार चौक, मावली मंदिर के सामने रियासत कालीन जोड़ा होलिका दहन प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी 02 मार्च को परंपरानुसार संपन्न होगा। 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज द्वारा यह आयोजन भव्यता के साथ किया जाएगा।

समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर से भगवान श्रीकृष्णजी की दो डोली भव्य शोभायात्रा के रूप में निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा रथ परिक्रमा मार्ग से होते हुए मावली मंदिर के सामने स्थित होलिका दहन स्थल तक पहुंचेगी। डोली आगमन के उपरांत परंपरानुसार पूजा-विधान संपन्न किया जाएगा और शुभ मुहूर्त में रियासत कालीन जोड़ा होलिका दहन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सीरासार चौक स्थित मावली मंदिर के समक्ष माता मावली एवं भगवान जगन्नाथ स्वरूप श्रीकृष्ण के कल्कि अवतार को समर्पित जोड़ा होली (दो होली) का दहन किया जाता है। यह परंपरा शताब्दियों से अनवरत चली आ रही है, जिसका निर्वहन आज भी 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज पूरी श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ करता आ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे। होलिका पूजन के पश्चात प्रज्वलित जोड़ा होलिका में श्रद्धालु श्रीफल एवं पूजन सामग्री अर्पित कर परिक्रमा करेंगे और पुण्य-लाभ प्राप्त करेंगे।
समाज द्वारा समस्त नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सहभागी होकर धर्मलाभ लेने की अपील की गई है।
Related Articles

पतंजलि द्वारा विश्व योग दिवस पर होंगे विविध आयोजन
Jun 18, 2026
बढ़ती महंगाई पर पत्रकारों के सवालों पर महापौर की चुप्पी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुख्ता प्रमाण- राजेश …
Jun 18, 2026
