जिला चिकित्सालय एवं मातृ-शिशु अस्पताल का किया गहन निरीक्षण
बलौदाबाजार, 1 मार्च 2026 – जिले के नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद शनिवार को सायंकाल में जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला चिकित्सालय एवं मातृ एवं शिशु अस्पताल के विभिन्न कक्षों का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और साफ-सफाई सहित बेहतर इलाज व सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिये।

पंजीयन प्रक्रिया और दवा उपलब्धता का लिया जायजा
कलेक्टर ने पंजीयन काउंटर में पंजीयन प्रक्रिया का अवलोकन किया और प्रतिदिन ओपीडी एवं आईपीडी की संख्या की जानकारी ली। बताया गया कि औसतन प्रतिदिन 500 मरीजों का पंजीकरण होता है। उन्होंने जन औषधि केंद्र में उपलब्ध दवाईयों की सूची तथा कालातीत दवाइयों की जानकारी ली और निर्देशित किया कि स्टॉक में दवा होने के बावजूद किसी मरीज को बाहर से दवा न खरीदनी पड़े।
ट्रामा सेंटर, वार्ड और अन्य विभागों का निरीक्षण
कलेक्टर ने ट्रामा सेंटर, सीटी स्कैन, प्रसूति वार्ड, सर्जिकल वार्ड, डायलीसिस यूनिट, ब्लड बैंक, एसएनसीयू और इंटिग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने आईपीएचएल को एनक्यूएएस सर्टिफिकेट प्राप्त करने पर बधाई दी और इसे कायम रखने के निर्देश दिये।
मरीजों के रिफर और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
कलेक्टर ने जिले के पीएचसी और सीएचसी से जिला अस्पताल रिफर होने वाले मरीजों की संख्या तथा जिला अस्पताल से अन्य अस्पतालों में रिफर किए जाने वाले मरीजों की जानकारी ली। उन्होंने केवल अतिआवश्यक मामलों में ही मरीजों को अन्य अस्पतालों में रिफर करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मरीजों का हाल-चाल भी जाना।
धान उपार्जन केंद्र और नालंदा परिसर का निरीक्षण
इसके पश्चात कलेक्टर ने धान उपार्जन केंद्र आमेरा का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में कुल खरीदी, उठाव और शेष धान की मात्रा की जानकारी ली और धान उठाव में तेजी लाने हेतु ट्रकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिये। इसके साथ ही बलौदाबाजार में निर्माणाधीन नालंदा परिसर का भी निरीक्षण किया और निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिये।
अधिकारियों की उपस्थिति में निरीक्षण
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर ए.आर. टंडन, एसडीएम प्रकाश कोरी, सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
Related Articles

पतंजलि द्वारा विश्व योग दिवस पर होंगे विविध आयोजन
Jun 18, 2026
बढ़ती महंगाई पर पत्रकारों के सवालों पर महापौर की चुप्पी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुख्ता प्रमाण- राजेश …
Jun 18, 2026
