रायगढ़ जिले की नवीनतम नगरीय इकाई नगर पंचायत तमनार के सुदृढ़ संचालन और भावी विकास की रूपरेखा तय करने के उद्देश्य से कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने नगर पंचायत कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की तैयारियों, वर्तमान कार्यप्रणाली और उपलब्ध मानव संसाधनों की विस्तार से जानकारी ली। शाखावार पदस्थ कर्मचारियों की संख्या, उनकी जिम्मेदारियों और कार्य निष्पादन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिया कि यदि अतिरिक्त मानव संसाधन की आवश्यकता हो तो उसका आकलन कर विभागीय कार्यालय को शीघ्र मांग पत्र भेजा जाए तथा उसकी प्रति कलेक्टर कार्यालय को भी उपलब्ध कराई जाए। इस संबंध में नवपदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनप्रतिनिधियों ने सौंपा मांग पत्र
निरीक्षण के दौरान नवमनोनीत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों ने कलेक्टर से सौजन्य भेंट कर नगर पंचायत तमनार के समग्र विकास के लिए मांग पत्र सौंपा।
कलेक्टर ने कहा कि तमनार को विकास और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में प्रदेश की अग्रणी एवं समृद्ध नगर पंचायत के रूप में स्थापित करने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
उन्होंने व्यवसायिक परिसर निर्माण, सुव्यवस्थित खेल मैदान, बाल उद्यान, बड़े गार्डन, आश्रम छात्रावास, स्कूल, आंगनबाड़ी भवन, सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था जैसे बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता में रखते हुए ठोस प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध विकास से ही नगर की पहचान मजबूत होती है और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं।
स्वच्छता और डिजिटल सेवाओं पर विशेष जोर
कलेक्टर ने स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए नियमित साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी आधारित स्वच्छता अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुव्यवस्थित नगर ही विकास की पहली पहचान होता है।
निरीक्षण के दौरान अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का भी अवलोकन किया गया और वहां दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली गई। नागरिकों को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सीएमओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
Related Articles

सूर्योदय क्लिनिक के बाहर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, लू लगने से मौत की आशंका
May 29, 2026
छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस के ऑफिशियल पेज से बीजेपी नेता की पोस्ट डिलीट, संगठन के भीतर “फूल छाप” नेटवर्क पर उठे सवाल
May 28, 2026
