Skip to content

बस्तर के युवा श्रीवर सिंह ठाकुर को भारतीय छात्र संसद में राष्ट्रीय मंच पर मिला सम्मान

बस्तर की आवाज़ गूंजी राष्ट्रीय स्तर पर, केवल 45 प्रतिभागियों में शामिल हुए

बस्तर/पुणे। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के रहने वाले श्रीवर सिंह ठाकुर ने भारतीय छात्र संसद (BCS), पुणे में बस्तर का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त किया। देशभर के लगभग दो हजार प्रतिभागियों में से केवल 45 को चयनित किया गया, जिसमें श्रीवर सिंह ठाकुर ने अपनी विशिष्ट प्रतिभा और नेतृत्व कौशल के दम पर जगह बनाई।


भारतीय छात्र संसद: युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण का मंच

भारतीय छात्र संसद (BCS) एक गैर-राजनीतिक राष्ट्रीय मंच है, जो युवाओं को नेतृत्व, राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए सशक्त बनाता है। श्रीवर सिंह ठाकुर को इस मंच ने “बस्तर की आवाज़” के रूप में राष्ट्रीय युवा वक्ता की पहचान दी।


सात चरण की कठिन चयन प्रक्रिया पार कर बनाई राष्ट्रीय पहचान

पुणे में आयोजित 15वीं राष्ट्रीय छात्र संसद में श्रीवर ने लगभग एक महीने तक चली सात चरणों की कठिन चयन प्रक्रिया, संवाद और मूल्यांकन को सफलता पूर्वक पार किया। यह मंच वह है, जिसे समय-समय पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों ने संबोधित किया है।


तार्किक और ऊर्जावान वक्तृत्व से जीता मंच

इस मंच पर श्रीवर ने “भारत की परीक्षा-केंद्रित शिक्षा प्रणाली रचनात्मकता को सीमित करती है” विषय पर अपने तार्किक, ऊर्जावान और स्पष्ट विचार साझा किए, जिनकी राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सराहना हुई।
उनकी यह उपलब्धि बस्तर और ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा और सक्रिय भूमिका को उजागर करती है।


राज्य स्तरीय मंचों से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की यात्रा

श्रीवर सिंह ठाकुर पहले भी राज्य स्तरीय मंचों पर कविताओं और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत कर चुके हैं। उन्होंने राष्ट्र सेवा और युवा नेतृत्व के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिलाई है।


बस्तर और छत्तीसगढ़ के लोग गौरवान्वित

श्रीवर की इस उपलब्धि पर बस्तर और छत्तीसगढ़ के लोग अत्यंत गौरवान्वित हैं। उन्हें बस्तर के साहित्यकार डॉ. पूर्णिमा सरोज, चमेली नेताम, प्रेम सदन साहित्यिक-सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था, हिंदी साहित्य भारती, उनके मित्र और परिवार ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।