ध. मा. शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक जगदलपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम घाट कवाली में 22/02/2026 से 28/02/2026 तक आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के शुरू के चार दिवस विभिन्न सामाजिक एवं जागरूकता गतिविधियों के साथ उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुए। शिविर का मुख्य विषय “नशा मुक्ति” रखा गया है।
शिविर का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत गुलाब के पौधे भेंट कर किया गया। जिसमे मुख्य रूप से सरपंच तामेश्वरी कश्यप, उपसरपंच चम्पा मौर्य, सचिव पीला सिंह ठाकुर, ग्राम सभा अध्यक्ष मोहंती कश्यप, पंच परशुराम कश्यप, जुगल बघेल, त्रिनाथ निषाद, हिरदुराम कश्यप, ग्राम प्रमुख श्याम सुंदर कश्यप तथा रोजगार सहायक चैतन राम कश्यप सहित संस्था के प्राचार्य एस के त्रिवेदी, प्राध्यापकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। स्वयंसेविकाओं द्वारा “हम होंगे कामयाब” गीत की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम अधिकारी सुषमा देवांगन ने नशा मुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी। तथा इस अवसर पर प्राचार्य एस के त्रिवेदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि नशा समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

द्वितीय दिवस की शुरुआत स्वच्छता अभियान से हुई। स्वयंसेविकाओं ने ग्राम के बाजार स्थल, समीप स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तथा पंचायत परिसर की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अभियान के माध्यम से ग्रामवासियों को स्वच्छ वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
इसके पश्चात स्वयंसेविकाओं द्वारा सामूहिक रूप से भोजन तैयार किया गया तथा प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों के साथ भोजन साझा किया गया। इस दौरान बच्चों के साथ आत्मीय एवं आनंदमय समय व्यतीत किया गया, जिससे शिविर में सामाजिक समरसता एवं स्नेह का वातावरण निर्मित हुआ।

लेक्चरर अल्का तिवारी द्वारा प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों के लिए एक खुला मंच (ओपन माइक) आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व एवं नशा मुक्ति के संदेश से भी अवगत कराया गया।
दिवस के अंतिम चरण में महाविद्यालय की स्वयंसेविकाओं द्वारा “नशा मुक्ति एवं स्वच्छता” विषय पर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामवासियों को नशे के दुष्प्रभावों एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

तृतीय और चतुर्थ दिवस पर स्वयंसेविकाओं द्वारा ग्राम में सर्वेक्षण कार्य किया गया, जिसके माध्यम से ग्रामवासियों की सामाजिक एवं जागरूकता संबंधी स्थितियों की जानकारी एकत्रित की गई। इसके पश्चात स्वयंसेविकाएँ शाला पहुँचीं, जहाँ उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षण गतिविधियों के माध्यम से मार्गदर्शन दिया तथा उनके साथ संवाद स्थापित किया। विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।

संध्या समय सद्गुरु सदाफलदेव विहंगम योग संस्थान से मौर्यजी, सुनील पिल्लै, डॉ बीएल साहू, जगन्नाथ मानिकपुरी, ईश्वर प्रसाद पाणिग्रही और सुकालू राम साहू द्वारा योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्वयंसेविकाओं एवं ग्रामवासियों ने सहभागिता की। योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला गया। अंत में वृक्षारोपण कार्यक्रम कर ग्रामवसीयों और बच्चों में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस प्रकार शिविर के चारों दिवस सेवा, जागरूकता, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के संदेश के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। शिविर का उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना का विकास करना तथा ग्राम समुदाय को नशा मुक्ति एवं स्वच्छ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
Related Articles

पतंजलि द्वारा विश्व योग दिवस पर होंगे विविध आयोजन
Jun 18, 2026
बढ़ती महंगाई पर पत्रकारों के सवालों पर महापौर की चुप्पी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुख्ता प्रमाण- राजेश …
Jun 18, 2026
