बलौदाबाजार-भाटापारा, 21 फरवरी 2026: 22 से 24 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले गिरौदपुरी मेले के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने शनिवार शाम 5 बजे मेला ड्यूटी में लगे राजपत्रित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान साम्प्रदायिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
6 सेक्टर में बांटा गया मेला परिसर
संपूर्ण मेला क्षेत्र को 6 सेक्टर में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था की गई है—
- सेक्टर-01: मुख्य मंदिर, मुख्य मंच, गुरु निवास, मेला चौकी और जैतखाम परिसर।
- सेक्टर-02: जन्मस्थली, नवीन रेस्ट हाउस और अमरगुफा।
- सेक्टर-03: छाता पहाड़, पंचकुंडी और जोंक नदी एनीकट क्षेत्र।
- सेक्टर-04: यातायात, मार्ग और पार्किंग व्यवस्था।
- सेक्टर-05: पैदल और बाइक पेट्रोलिंग (4 बाइक और 5 पैदल टीमें)।
- सेक्टर-06: कानून व्यवस्था, एडी पार्टी, रिजर्व बल और बीडीएस जांच।
पार्किंग और यातायात पर विशेष फोकस
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 20 से अधिक पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। यातायात पुलिस की तैनाती के साथ 5 पेट्रोलिंग वाहन लगातार निगरानी करेंगे।
968 पुलिसकर्मियों की तैनाती
पूरे मेले में 18 राजपत्रित अधिकारियों, 21 निरीक्षकों, 51 उपनिरीक्षक/सहायक उपनिरीक्षक, 66 प्रधान आरक्षकों और 812 आरक्षक/महिला आरक्षकों सहित कुल 968 पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 3 महिला राजपत्रित अधिकारियों समेत 150 महिला पुलिसकर्मी भी ड्यूटी पर रहेंगी।
7 पुलिस सहायता केंद्र स्थापित
श्रद्धालुओं की सहायता और समन्वय के लिए मेला परिसर में 7 पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं।
आकस्मिक स्थिति से निपटने की तैयारी
फायर ब्रिगेड, अग्निशामक यंत्र और गोताखोरों की 24 घंटे तैनाती की गई है। भीड़ में होने वाली जेबतराशी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सिविल ड्रेस में विशेष टीमें भी लगाई गई हैं।
‘गिरौदपुरी मोबाइल एप’ लॉन्च
मेले में उपलब्ध पार्किंग, एंबुलेंस, भोजन, पानी और चिकित्सा जैसी सुविधाओं की जानकारी के लिए ‘गिरौदपुरी मोबाइल एप’ तैयार किया गया है, जिसे प्ले-स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।
Related Articles

पतंजलि द्वारा विश्व योग दिवस पर होंगे विविध आयोजन
Jun 18, 2026
बढ़ती महंगाई पर पत्रकारों के सवालों पर महापौर की चुप्पी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुख्ता प्रमाण- राजेश …
Jun 18, 2026
