Skip to content

जोक नदी से अवैध रेत उत्खनन करते एक आरोपी गिरफ्तार, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

गिधौरी, 21 फरवरी 2026: अवैध रूप से रेत उत्खनन कर ट्रैक्टर के माध्यम से परिवहन करने वाले एक आरोपी को थाना गिधौरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने धमलपुर-नवापारा जोक नदी मार्ग पर घेराबंदी कर रेत से भरे ट्रैक्टर सहित आरोपी को पकड़ा।

पुलिस को सूचना मिली थी कि जोक नदी से अवैध रूप से रेत खनन कर ट्रैक्टर के जरिए परिवहन किया जा रहा है। इस पर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना गिधौरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रास्ते में नाकेबंदी की और ट्रैक्टर को चालक समेत पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने जोक नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन कर परिवहन करना स्वीकार किया। मामले में आरोपी के विरुद्ध थाना गिधौरी में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुनाल रात्रे (24 वर्ष), निवासी धमलपुर (नवापारा), थाना गिधौरी के रूप में हुई है। पुलिस ने रेत से भरा ट्रैक्टर क्रमांक CG22 X 4639 और ट्रॉली जब्त कर ली है।

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।