जगदलपुर। शहर के दलपत सागर समुद्र चौक के पास स्थित प्रसिद्ध बावड़ी माता मंदिर में श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत वातावरण के बीच वार्षिक मंडई मेले का आयोजन किया गया। यह पारंपरिक मेला हर वर्ष महाशिवरात्रि के पश्चात आने वाले सप्ताह में आयोजित किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
इस वर्ष आयोजित मंडई मेले में छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र से पहुंचे श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
संतान प्राप्ति की मान्यता
मंदिर को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मन्नत मांगने पर माता रानी संतान सुख का आशीर्वाद देती हैं। मेले के दौरान कई ऐसे परिवार पहुंचे, जिनके यहां वर्षों बाद संतान प्राप्ति हुई। इन परिवारों ने माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए अपने बच्चों का मुंडन संस्कार संपन्न कराया और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
दूर-दराज से पहुंचते हैं श्रद्धालु
मंदिर में प्रतिदिन दूर-दराज से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि माता रानी उनकी मनोकामनाएं सुनकर उचित मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्रदान करती हैं।
प्रसाद व भंडारे की व्यवस्था
मंडई मेले के अवसर पर मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भोजन की विशेष व्यवस्था की गई। दिनभर भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होता रहा।
बाइट – भुबने पाणिग्रही महाराज:
महाराज ने बताया कि मंडई मेला वर्षों पुरानी परंपरा है और माता की कृपा से यहां आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
बाइट – संतान प्राप्त परिवारजन:
परिवारजनों ने बताया कि माता रानी के आशीर्वाद से उनके घर खुशियां लौटी हैं, जिसके लिए वे हर वर्ष मेले में आकर धन्यवाद अर्पित करते हैं।
Related Articles

पतंजलि द्वारा विश्व योग दिवस पर होंगे विविध आयोजन
Jun 18, 2026
बढ़ती महंगाई पर पत्रकारों के सवालों पर महापौर की चुप्पी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुख्ता प्रमाण- राजेश …
Jun 18, 2026
