Skip to content

जगदलपुर में जिला संवाद कार्यक्रम, नक्सलवाद के खात्मे का दावा

जगदलपुर। शहर के लालबाग स्थित शौर्य भवन में गुरुवार को आईएनएच और हरिभूमि के संयुक्त तत्वावधान में जिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी के सवालों का जवाब देते हुए वन मंत्री केदार कश्यप और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि अगले महीने की 31 तारीख तक नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। इसके बाद बस्तर में विकास का नया दौर शुरू होगा।

नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प के तहत केंद्र और राज्य सरकार नक्सल समस्या के समूल नाश के लिए प्रतिबद्ध हैं। सुरक्षाबल लगातार अभियान चला रहे हैं और सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।


“भाजपा में कार्यकर्ता ही सर्वोपरि”

सत्ता और संगठन के प्रभाव से जुड़े सवाल पर किरण सिंह देव ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां कार्यकर्ता ही सब कुछ होता है। केंद्र, राज्य, नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में मिली सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि संगठन में काम करने वाले ही आगे बढ़ते हैं।


“जहां अशांति थी, वहां अब विकास”

दो वर्षों के कार्यकाल और भविष्य की चुनौतियों पर केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर को नक्सलवाद के दर्द से मुक्ति दिलाने का अवसर अब मिला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस दिशा में लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है और जिन क्षेत्रों में कभी सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं थीं, वहां अब बुनियादी ढांचा विकसित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि बीजापुर और अबूझमाड़ जैसे अति-संवेदनशील इलाकों में भी सड़कों का निर्माण हो रहा है और अस्पताल व साप्ताहिक बाजार शुरू किए गए हैं।


कांग्रेस पर निशाना

पिछले चुनाव में कांग्रेस की हार को लेकर नेताओं ने कहा कि जनता ने वादाखिलाफी और घोटालों के कारण उन्हें सत्ता से बाहर किया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दोबारा मुख्यमंत्री बनने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा गया कि इसका फैसला जनता करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के राजनीतिक भविष्य पर पूछे गए सवाल पर किरण सिंह देव ने टिप्पणी करने से परहेज करते हुए कहा कि यह जनता तय करती है।


विकास कार्यों का ब्योरा

कार्यक्रम में बताया गया कि दो वर्षों में नगरीय क्षेत्रों में 183 करोड़ रुपये तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 583 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। ट्रांसपोर्ट नगर और नए एयरपोर्ट के निर्माण सहित कई परियोजनाओं पर काम जारी है।

कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने कहा कि बस्तर में शांति और विकास दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ने का लक्ष्य है, और आने वाले वर्षों में इसके ठोस परिणाम देखने को मिलेंगे।