Skip to content

जगदलपुर : यूजर चार्ज वसूली पर घमासान, नेता प्रतिपक्ष ने दी आंदोलन की चेतावनी

जगदलपुर। नगर पालिक निगम जगदलपुर में यूजर चार्ज और विभिन्न करों की वसूली को लेकर सियासत तेज हो गई है। निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर महापौर संजय पांडे पर असंवैधानिक और अनैतिक वसूली का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि बिना शासन के स्पष्ट निर्देश और बिना महापौर परिषद व सामान्य सभा की स्वीकृति के यूजर चार्ज वसूली करना नियमों के विरुद्ध है। यदि अस्थायी व फुटपाथ व्यापारियों से यूजर चार्ज लेने का शासन निर्देश है, तो विषय को विधिवत परिषद और सामान्य सभा में लाया जाए।


महाशिवरात्रि व्यवस्था पर भी सवाल

राजेश चौधरी ने आरोप लगाया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवालयों के सामने पूर्व वर्षों की तरह चुना डलवाने और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था तक नहीं की गई। उन्होंने भाजपा नेतृत्व और स्थानीय विधायक किरण देव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि धार्मिक मुद्दों पर राजनीति करने वाली सरकार अब धार्मिक आयोजनों के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं करा पा रही है।


यूजर चार्ज और टैक्स बढ़ोतरी पर आपत्ति

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि:

  • फुटपाथ व्यापारियों से दोबारा यूजर चार्ज के नाम पर वसूली की जा रही है।
  • पहले वार्षिक लिए जाने वाले शुल्क को अब मासिक वसूली में बदला जा रहा है।
  • पानी टैंकर की दर 300 रुपये से 500 और 500 से 1000 रुपये तक बढ़ा दी गई है।
  • सामाजिक व धार्मिक आयोजनों में पहले निःशुल्क मिलने वाले टैंकर पर भी शुल्क लगाया गया है।
  • तरणताल (स्विमिंग पूल) के टिकट दरों में वृद्धि की गई है।
  • प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को संपत्ति कर के दायरे में लाया जा रहा है।
  • जलकर 60 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 200 रुपये प्रतिमाह करने की तैयारी है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी आवास का पुनर्मूल्यांकन (री-एसेसमेंट) किया गया है, तो निगम को स्पष्ट करना चाहिए कि पहले क्या दर थी और अब क्या है। बिना नए निर्माण के तीन गुना कर बढ़ाना न्यायसंगत नहीं है।


जांच और आंदोलन की चेतावनी

राजेश चौधरी ने बताया कि इस संबंध में आयुक्त, महापौर और कलेक्टर को पत्र लिखकर जांच की मांग की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्षद दल और कांग्रेस पार्टी नगरवासियों, फुटकर व्यापारियों और प्रधानमंत्री आवास हितग्राहियों के साथ निगम कार्यालय का घेराव करेगी।