Skip to content

सांस्कृतिक उल्लास के बीच संपन्न हुआ वार्षिक स्नेह सम्मेलन, प्रतिभाओं  का  हुआ सम्मान

खरसिया | शासकीय महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरसिया में सत्र 2025-26 के अंतर्गत आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन हर्षोल्लास और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मान. श्री राधेश्याम राठिया (सांसद, रायगढ़) उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री रविन्द्र गबेल (अध्यक्ष, जिला पंचायत रायगढ़ प्रतिनिधि), श्री महेश साहू (छाया विधायक, खरसिया) एवं श्री विजय शर्मा (अध्यक्ष, भाजपा मंडल खरसिया) ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।



सम्मान और उपलब्धियों का उत्सव

यह आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों की उपलब्धियों के सम्मान का भी विशेष अवसर बना। रक्तदान शिविर में सक्रिय भूमिका निभाने वाले युवाओं, उत्कृष्ट स्वयंसेवकों तथा वर्षभर महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सराहनीय योगदान देने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया। इससे विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ।



लोकसंस्कृति और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन

कार्यक्रम का शुभारंभ आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ, जिसने पूरे परिसर को उत्साह से भर दिया। छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित सामूहिक नृत्य में अनुराधा खंडेल, उर्वशी खूंटे, पायल बघेल, अन्नु जांगड़े, सुमन भारती एवं निशा डनसेना ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान हासिल किया। उल्लेखनीय है कि ये सभी एनसीसी कैडेट्स हैं। वहीं उत्तम चौहान, योगेश्वर चौहान, निखिल धनराज, जगदीश साहू, मनीष दास, संतकुमार एवं तुलेश्वर यादव की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।



युगल नृत्य में अंजली महंत एवं दीक्षा मानिकपुरी प्रथम रहे, जबकि दिव्य एवं चेतना भारती द्वितीय स्थान पर रहे। एकल नृत्य में ईशा सहीस ने प्रथम तथा चेतना भारती ने द्वितीय स्थान अर्जित किया। एकल गायन में यश चंदोलिया प्रथम और संत कुमार यादव द्वितीय स्थान पर रहे। युगल गायन में संजना पटेल एवं चंपा राठिया ने बाजी मारी। वहीं “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर आधारित जागरूकता नाट्य-नृत्य प्रस्तुति खुशबू एवं उनके एनएसएस साथियों द्वारा दी गई, जिसे विशेष सराहना मिली।



सामूहिक प्रयास से सफल आयोजन

कार्यक्रम की सफलता में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश तिवारी एवं कार्यक्रम संयोजक प्रो. एम.एल. धीरही सहित समस्त स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सहयोग उल्लेखनीय रहा। मंच संचालन का दायित्व डॉ. आर.के. टंडन, डॉ. एल.डी. मानिकपुरी एवं वकील अहमद ने प्रभावी ढंग से निभाया।
समापन अवसर पर सभी विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक उमंग, उपलब्धियों की सराहना और सामूहिक सहभागिता के साथ संपन्न यह वार्षिक स्नेह सम्मेलन महाविद्यालय के लिए एक यादगार अध्याय बन गया और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।