जगदलपुर : बस्तर के विकास और ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सांसद महेश कश्यप ने ग्राम बालेन्गा के समीप मारकंडी नदी पर महत्वपूर्ण तटरक्षण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। जल संसाधन विभाग द्वारा स्वीकृत इस परियोजना की कुल लागत 2 करोड़ 82 लाख रुपये है, जो क्षेत्र में नदी के कटाव को रोकने और तटवर्ती कृषि भूमि को बचाने में मील का पत्थर साबित होगी।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ माँ दंतेश्वरी और छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर बालेन्गा और आसपास के ग्रामीणों ने सांसद कश्यप का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पुष्प वर्षा कर भव्य आतिथ्य सत्कार किया।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार बस्तर के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मारकंडी नदी के जलस्तर में वृद्धि और तेज बहाव के कारण हर साल ग्रामीणों की उपजाऊ भूमि का कटाव होता था, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था।

इस तटरक्षण कार्य के पूर्ण होने से न केवल ग्रामीणों की जमीन सुरक्षित होगी, बल्कि भविष्य में बाढ़ जैसे खतरों से भी गांव को सुरक्षा कवच मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता न हो और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि आने वाले मानसून से पहले इसका लाभ ग्रामीणों को मिलने लगे। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए सांसद और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए खुशी जाहिर की।

भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनहित के कार्यों को धरातल पर उतारने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि ग्राम बालेन्गा की यह मांग लंबे समय से लंबित थी, जिसे वर्तमान सरकार ने प्राथमिकता के साथ स्वीकृति दी है। वेद प्रकाश पांडे ने क्षेत्र में चल रही अन्य विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बस्तर की बुनियादी सुविधाओं में सुधार करना ही संगठन और सरकार का मुख्य ध्येय है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शकुंतला कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल,स्थानीय जनप्रतिनिधि, जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अभियंता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

पतंजलि द्वारा विश्व योग दिवस पर होंगे विविध आयोजन
Jun 18, 2026
बढ़ती महंगाई पर पत्रकारों के सवालों पर महापौर की चुप्पी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुख्ता प्रमाण- राजेश …
Jun 18, 2026
