कृषक उन्नति योजनांतर्गत अंतर की राशि एकमुश्त देने के लिए राज्य सरकार का जताया आभार
जगदलपुर, 13 फरवरी 2026/ जिले के जगदलपुर विकासखंड अंतर्गत बाबू सेमरा निवासी युवा किसान रोहन कश्यप ने हायर सेकेण्डरी की पढ़ाई के बाद अपनी मेहनत एवं लगन के बूते पैतृक खेती-किसानी को परिवार की बेहतरी का आधार बनाकर घर-परिवार को खुशहाली की ओर अग्रसर कर चुके हैं।
अभी हाल ही में उनके गांव पर मुलाकात के दौरान रोहन ने राज्य सरकार के द्वारा कृषक उन्नति योजनांतर्गत धान विक्रय की अंतर की राशि एकमुश्त देने के निर्णय को किसानों के लिए सार्थक पहल निरूपित करते हुए इसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया और राज्य सरकार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। रोहन ने बताया कि होली त्योहार के पहले किसानों को उनकी उपज की एकमुश्त राशि प्राप्त होने से होली की खुशी दुगुनी हो जाएगी।
रोहन बताते हैं कि माताजी कमला कश्यप के नाम से 8 एकड़ पैतृक कृषि भूमि पर खरीफ सीजन में धान की उन्नत खेती करते हैं, साथ ही रबी सीजन में मक्का एवं साग सब्जी की अच्छी पैदावार से आय संवृद्धि को बल मिला है। उन्होंने बताया कि पहले केवल खरीफ में धान की फसल लेते थे, लेकिन जब से खेत में नलकूप स्थापित करवाए हैं तो रबी सीजन में मक्का एवं साग सब्जी की पैदावार से अतिरिक्त आय हो रही है।
इसी के फलस्वरूप बैंक ऋण की सहायता से खेती-किसानी के लिए एक ट्रैक्टर खरीदे हैं जो अब खेती-किसानी कार्य के लिए मददगार साबित हो रही है। रोहन ने बताया कि इस साल 133 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर विक्रय किए हैं, जिसकी राशि तुरंत बैंक खाते में अंतरित की गई और अब राज्य सरकार धान विक्रय की अंतर की राशि होली त्योहार के पहले दे रही है
जो सरकार की किसान हितैषी सकारात्मक एवं संवेदनशील पहल है। उन्होंने कहा कि 8 सदस्यीय परिवार में दो बड़े भाइयों के साथ वे खेती किसानी को आधुनिक तकनीक से करने पर ज्यादा ध्यान रख रहे हैं और वर्तमान में उर्वरक के साथ ही गोबर खाद का संतुलित रूप से उपयोग कर रहे हैं। वहीं साग-सब्जी की पैदावार हेतु आगामी वर्ष से पानी का समुचित दोहन करने के लिए ड्रिप सिंचाई को अपनाने का विचार किया है।
Related Articles

पतंजलि द्वारा विश्व योग दिवस पर होंगे विविध आयोजन
Jun 18, 2026
बढ़ती महंगाई पर पत्रकारों के सवालों पर महापौर की चुप्पी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुख्ता प्रमाण- राजेश …
Jun 18, 2026
