Skip to content

तेलीकोट राशन वितरण में भ्रष्टाचार का आरोप, कार्रवाई की मांग तेज

खरसिया। ग्राम पंचायत तेलीकोट की उचित मूल्य दुकान (सोसायटी) में कथित भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर बुधवार को खरसिया शिवसेना इकाई के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

शिवसेना अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि दिसंबर और जनवरी माह का राशन आधे से अधिक राशन कार्डधारियों को अब तक वितरित नहीं किया गया है। 10 फरवरी 2026 को कुछ हितग्राहियों को चावल दिया गया, जिसमें 30 किलो अच्छी गुणवत्ता का चावल और 5 किलो गंदगी युक्त कनकी दी गई। ग्रामीणों द्वारा आपत्ति जताने पर उन्हें कथित रूप से यह कहकर चुप करा दिया गया कि “शासन से जैसा आया है, वैसा ही लेना पड़ेगा।”

उन्होंने बताया कि फरवरी माह के 12 दिन बीत जाने के बाद भी नियमित वितरण शुरू नहीं हुआ है। तेलीकोट पंचायत के अधिकांश परिवार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के चावल पर निर्भर हैं। ऐसे में वितरण में देरी से ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सोसायटी संचालक पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा गया कि दुकान अनियमित रूप से खोली जाती है—एक दिन खुलती है तो कई दिनों तक बंद रहती है। पूछताछ करने पर “चावल खत्म हो गया” कहकर जवाब दिया जाता है। फूड इंस्पेक्टर एवं उच्च अधिकारियों को कई बार मौखिक और फोन के माध्यम से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

शिवसेना अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित संचालक पर पूर्व में 100 क्विंटल चावल गबन का मामला सामने आ चुका है, जिसके बाद उसे बर्खास्त किया गया था। बावजूद इसके, पुनः उसी व्यक्ति को कार्यभार सौंपे जाने पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। संगठन का दावा है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई और अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है।

प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम से शीघ्र जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।ज्ञापन सौंपने के दौरान नितेश राठौर, युवा नेता लाल राठौर, पुरुषोत्तम महंत, रिंकू भारत, अखिलेश साहू, अमित बघेल, संजय यादव सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित रहे।