Skip to content

चपले में कलेक्टर का सरप्राइज विजिट, चावल उत्सव की व्यवस्था पर कसा शिकंजा

खरसिया । सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने खरसिया विकासखंड के ग्राम चपले पहुंचकर चावल उत्सव का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उचित मूल्य दुकान में चल रहे वितरण कार्य का जायजा लिया तथा लाभार्थियों से सीधे संवाद कर व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चावल उत्सव में अधिक से अधिक हितग्राहियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुचारु एवं सहज हो।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि प्रत्येक माह के आयोजन से पूर्व संबंधित दुकानों में पूर्ण आबंटित राशन का भंडारण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। खाद्य विभाग के अनुसार जिले की 664 शासकीय एवं समूह संचालित उचित मूल्य दुकानों में हर माह चावल उत्सव आयोजित किया जाएगा।

जिन गांवों में साप्ताहिक हाट-बाजार लगता है, वहां 6 तारीख के बाद लगने वाले पहले हाट के दिन उत्सव होगा, जबकि अन्य दुकानों में प्रत्येक माह की 7 तारीख को आयोजन किया जाएगा।कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक उचित मूल्य दुकान में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं, जो स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर वितरण की सतत निगरानी करेंगे। राशन वितरण निगरानी समिति के सदस्यों, मितानिन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं स्वैच्छिक संगठनों की उपस्थिति में कराया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।

जिला स्तर पर प्रतिमाह मॉनिटरिंग कर हितग्राहियों की उपस्थिति, वितरित राशन की मात्रा एवं व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ पहुंचे, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।इस दौरान खरसिया एसडीएम प्रवीण तिवारी, जिला खाद्य अधिकारी चित्तरंजन सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।