Skip to content

धमतरी में ट्रैक्टर पलटा, एक की मौत, तीन गंभीर घायल


धमतरी। जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम सांकरा फारेस्ट नाका के आगे मेचका रोड पर रविवार को हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब निर्माण सामग्री से लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर ग्राम सांकरा से छड़, जाली, प्लाई सहित अन्य निर्माण सामग्री लेकर मैनपुर विकासखंड के ग्राम जिड़ार लौट रहा था। इसी दौरान फारेस्ट नाका बैरियर के पास चालक ने ट्रैक्टर को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए सड़क किनारे उतार दिया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली इंजन सहित पलट गई।

इंजन में दबने से एक की मौके पर मौत

हादसे में ट्रैक्टर के केबिन में बैठे गुलाल मरकाम की इंजन में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परमेश्वर मरकाम के दाहिने हाथ, परेश नागेश के दाहिने पैर और चालक भावेश ओटी को कमर व पैर में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

चार लोग थे ट्रैक्टर में सवार

घायल परेश नागेश (35) ने बताया कि वह अपने चाचा काशीराम नागेश के ट्रैक्टर से चालक भावेश ओटी, तामेश्वर मरकाम और गुलाल मरकाम के साथ सामग्री खरीदने सांकरा गया था। लौटते समय यह हादसा हुआ। ट्रैक्टर में चार लोग सवार थे।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सिहावा पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि तेज गति और सड़क की संकरी स्थिति के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। मामले की जांच जारी है।