पीढ़ी गांव से चैन माउंटेड मशीन जब्त, चालक पुलिस अभिरक्षा में
महासमुंद | खनिज विभाग की सतत निगरानी से टूटा अवैध खनन नेटवर्क
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला खनिज अधिकारी फागुलाल नागेश के मार्गदर्शन में खनिज अमले ने ग्राम पीढ़ी (महानदी तट) क्षेत्र में अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए एक चैन माउंटेड मशीन को मौके पर पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान मशीन चालक को तुमगांव थाना पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। विभागीय जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से पीढ़ी क्षेत्र से रात्रिकालीन समय में अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा था, जिसे रायपुर जिले के करमंडी खदान की ओर रैम्प मार्ग के जरिए भेजा जा रहा था।
पूर्व सूचना के आधार पर की जा रही थी निगरानी
खनिज अमला पहले से ही सूचना के आधार पर क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए था। जैसे ही अवैध उत्खनन में लगी मशीन महासमुंद की ओर बढ़ी, टीम ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई कर मशीन को रोक लिया।
कठोर कार्रवाई की चेतावनी
कलेक्टर के निर्देशानुसार जब्त मशीन पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जिला खनिज अधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि
“जिले में कहीं भी अवैध खनन या खनिज परिवहन पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।”
Related Articles

पतंजलि द्वारा विश्व योग दिवस पर होंगे विविध आयोजन
Jun 18, 2026
बढ़ती महंगाई पर पत्रकारों के सवालों पर महापौर की चुप्पी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुख्ता प्रमाण- राजेश …
Jun 18, 2026
