Skip to content

दिन दहाड़े युवक का अपहरण किया मारपीट व लूटपाट 3 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ 6 फरवरी 2026रायगढ़ जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख देखने को मिल रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस ने युवक के अपहरण, मारपीट और लूटपाट की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए महज कुछ ही घंटों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्रकरण की रिपोर्ट 5 फरवरी 2026 को थाना घरघोड़ा में दर्ज कराई गई थी। प्रार्थी प्रीतराम चौहान (19 वर्ष) निवासी ग्राम रायकेरा ने बताया कि 4 फरवरी को दोपहर करीब 1 बजे गांव में मौजूद रहने के दौरान रोहित दास महंत, हलधर राठिया एवं उनका साथी राजु यादव बोलेरो वाहन से पहुंचे और जबरन उसे वाहन में बैठाकर अपहरण कर लिया।

आरोपियों ने रास्ते भर मारपीट की और ग्राम कया ले जाकर लकड़ी के डंडे एवं हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पिटाई की।आरोपियों ने शराब बिक्री की सूचना आबकारी विभाग को देने की रंजिश में युवक को जान से मारने की धमकी दी, उसका मोबाइल लूट लिया और रस्सी से बांधकर ग्राम कया के पास छोड़ दिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 42/2026 धारा 296, 351(2), 115(2), 140(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। बाद में लूट की पुष्टि होने पर धारा 309(6) बीएनएस भी जोड़ी गई।थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को रायकेरा से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो वाहन, लूटा गया ओप्पो मोबाइल फोन तथा लकड़ी का डंडा बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी —रोहित दास महंत (40 वर्ष), हलधर राठिया (30 वर्ष) निवासी रायकेरा डोंगरीपारा, थाना घरघोड़ा तथा राजु यादव (33 वर्ष) निवासी ग्राम सिंघनपुर, थाना कोसीर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ हैं। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार कर लिया। तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी, एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और ऐसी घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।