Skip to content

वनकर्मियों से मारपीट पर घरघोड़ा पुलिस का कड़ा रुख


शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, सभी भेजे गए जेल

रायगढ़ । जिले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस ने ऑन-ड्यूटी वनकर्मियों से विवाद और मारपीट के मामलों में त्वरित कदम उठाते हुए कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

जमानत पर छूटे आरोपियों ने फिर किया विवाद

पहला मामला थाना घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम केराखोल का है। 3 फरवरी को लैंड बैंक सर्वे के दौरान ड्यूटी पर तैनात वनपाल से पुराने प्रकरण को लेकर दो व्यक्तियों ने विवाद किया। आरोप है कि दोनों ने शासकीय कार्य में बाधा डाली, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट का प्रयास किया।

वनपाल की शिकायत पर घरघोड़ा थाने में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बताया गया है कि दोनों आरोपी पूर्व में भी वन अपराध के मामले में जेल जा चुके थे और हाल ही में जमानत पर रिहा हुए थे।

अवैध कटाई पर विवाद, तीन पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

दूसरी कार्रवाई ग्राम खोखरोआमा क्षेत्र में की गई। पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को निजी भूमि पर प्रतिबंधित वृक्षों की अवैध कटाई की सूचना मिली। मौके पर पूछताछ के दौरान तीन व्यक्ति आक्रोशित होकर लोकशांति भंग करने का प्रयास करने लगे।

पुलिस द्वारा समझाइश के बावजूद स्थिति शांत नहीं होने पर तीनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उन्हें एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर तीनों को जेल भेजा गया।

एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जिले में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, मारपीट या शासकीय कार्य में बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी किसी भी घटना पर पुलिस तत्काल और कठोर कार्रवाई करेगी। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।