Skip to content

रायगढ़ पुलिस का नशे और अपराध पर करारा वार

तीन दिन में 11 आरोपी पकड़े गए, शराब, गांजा और जुए पर बड़ी कार्रवाई

रायगढ़, 5 फरवरी। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने व्यापक अभियान छेड़ दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बीते तीन दिनों के भीतर अवैध शराब, गांजा और जुआ-सट्टा के मामलों में लगातार कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

65.9 लीटर शराब और पिकअप वाहन जब्त

पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 65.9 लीटर देशी, अंग्रेजी और कच्ची महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹16,680 बताई गई है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए गए एक पिकअप वाहन को भी जब्त कर उसे राजसात करने हेतु जिलादंडाधिकारी को प्रतिवेदन भेजा गया है।

घरघोड़ा क्षेत्र में कच्ची महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई

थाना घरघोड़ा पुलिस ने ग्राम अमलीडीह में दबिश देकर अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब संग्रह और बिक्री करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब और बिक्री की नगदी राशि बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

कापू में गांजा बेचते महिला गिरफ्तार

थाना कापू पुलिस ने मुखबिर सूचना पर ग्राम पखनाकोट क्षेत्र में दबिश देकर गांजा की अवैध बिक्री में संलिप्त एक महिला को गिरफ्तार किया। उसके पास से करीब 0.818 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। पूछताछ में महिला द्वारा गांजा बिक्री की पुष्टि होने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

बंधनपुर में जुआ फड़ पर छापा, पांच जुआरी पकड़े गए

कापू पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान ग्राम बंधनपुर में जुआ खेलते हुए पांच लोगों को रंगे हाथ पकड़ा। मौके से नगद ₹22,500 और ताश के पत्ते जब्त किए गए। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस की सख्ती से अपराधियों में हड़कंप

लगातार हो रही कार्रवाई से जिले में अवैध कारोबार में लिप्त तत्वों में भय का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि ऐसे अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

एसएसपी का स्पष्ट संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थ और जुआ-सट्टा से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को नशामुक्ति और जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए गए हैं। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को तुरंत दें।