Skip to content

हाईवे पर पुलिस को देखते ही भागी संदिग्ध स्कॉर्पियो पलटी, डीजल-औजार और फर्जी नंबर प्लेट बरामद; डीजल चोरी गिरोह से जुड़ाव की आशंका


रायगढ़ ।  जिले में डीजल चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर पुलिस की सख्ती के बीच एनएच-49 पर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो के पलटने का मामला सामने आया है। पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भाग रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो अमलीभौना स्थित HP पेट्रोल पंप के सामने अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन से डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, फर्जी नंबर प्लेट और मोबाइल फोन बरामद होने से डीजल चोरी गिरोह से इसके संबंध की आशंका जताई जा रही है।

बताया गया कि एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात कुमार पटेल द्वारा रात्रि गश्त के दौरान गश्ती जवानों को हाईवे और अंदरूनी मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए थे। दोनों अधिकारी स्वयं भी रात्रि गश्ती प्वाइंट का निरीक्षण करते हुए क्षेत्र भ्रमण पर थे।

इसी दौरान भोर में खरसिया से रायगढ़ की ओर जा रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो एनएच-49 पर नजर आई। पुलिस टीम को देखते ही चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और रायगढ़ की ओर भागने लगा। एडिशनल एसपी द्वारा तत्काल संदिग्ध वाहन की सूचना संबंधित थानों को दी गई, लेकिन तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो पलट गई।

सूचना मिलते ही जूटमिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में स्कॉर्पियो का पंजीयन क्रमांक CG-04-BT-0664 एवं इंजन नंबर IS-4G79712 पाया गया, जबकि वाहन में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। तलाशी के दौरान गाड़ी से लगभग 2 मीटर लंबी प्लास्टिक पाइप, एक लोहे का सब्बल, अतिरिक्त नंबर प्लेट CG-12-BT-6416, 10 लीटर क्षमता की जरीकेन में भरा करीब 10 लीटर डीजल तथा आसपास से बिना सिम के दो मोबाइल फोन (एक कीपैड और एक टच स्क्रीन वीवो) बरामद किए गए।

संदिग्ध अवैध गतिविधियों में उपयोग की आशंका के चलते जूटमिल पुलिस ने धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। पुलिस द्वारा वाहन मालिक और फरार चालक की पतासाजी की जा रही है, वहीं डीजल चोरी गिरोह से संभावित कनेक्शन को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।