रायगढ़। रायगढ़ शहर के बड़े रामपुर क्षेत्र से भूमि विवाद से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। क्षेत्र के निवासियों ने सिटी कोतवाली थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर कुछ व्यक्तियों पर भूमि के नाम पर दबाव बनाने, अवैध वसूली करने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार वे वर्षों से अपने-अपने खसरा नंबर की भूमि पर निवासरत हैं तथा नगर निगम द्वारा निर्धारित कर का नियमित भुगतान भी किया जा रहा है। आवेदन में उल्लेख है कि संबंधित भूमि से जुड़ा प्रकरण वर्तमान में सक्षम न्यायालय में विचाराधीन है, इसके बावजूद कुछ लोग स्वयं को प्रभावशाली बताते हुए पीड़ितों को डराने का प्रयास कर रहे हैं।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति कथित तौर पर अपने साथियों के माध्यम से दबाव बनाता है और क्षेत्र के हिसाब से रकम वसूलने की बात कही जाती है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उक्त लोगों की क्षेत्र में दबंग प्रवृत्ति बताई जाती है तथा पूर्व में भी विवाद, मारपीट और धमकी जैसी घटनाओं की शिकायतें सामने आने की बात कही गई है, जिससे स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद कभी नगर निगम तो कभी अन्य शासकीय अधिकारियों को बिना पूर्व सूचना के मौके पर बुलाकर उन्हें डराने और भूमि से बेदखल करने का प्रयास किया जाता है। आरोप है कि मोबाइल फोन के माध्यम से भी धमकी दी जाती है और कभी स्वयं मौके पर आकर विवाद उत्पन्न किया जाता है।
शिकायत में खसरा नंबर 171 एवं 172 सहित अन्य भूमि का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से आरोपित व्यक्तियों की भूमिका और कथित आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल इस पुरे मामले में पुलिस द्वारा जांच उपरांत तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी
Related Articles

पतंजलि द्वारा विश्व योग दिवस पर होंगे विविध आयोजन
Jun 18, 2026
बढ़ती महंगाई पर पत्रकारों के सवालों पर महापौर की चुप्पी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुख्ता प्रमाण- राजेश …
Jun 18, 2026
