रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार दोपहर जंगली हाथी के हमले में एक बुजुर्ग ग्रामीण की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला धरमजयगढ़ वनमंडल की छाल रेंज का है।
जंगल में अचानक हुआ सामना, नहीं बच सकी जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार छाल रेंज अंतर्गत ग्राम चुहकीमार निवासी गंगाराम सारथी (उम्र लगभग 70 वर्ष) रविवार सुबह रोज़ की तरह जंगल में लकड़ी लेने गए थे। दोपहर करीब ढाई बजे जंगल के भीतर अचानक उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने अचानक हमला कर दिया, जिससे गंगाराम सारथी की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव में दहशत, हाथियों की मौजूदगी से बढ़ी चिंता
घटना की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों में डर व्याप्त है, क्योंकि बताया जा रहा है कि चुहकीमार और आसपास के जंगलों में अभी भी करीब 12 हाथी विचरण कर रहे हैं।
वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
हाथी के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल मौके पर पहुंचे। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से जंगल की ओर अकेले न जाने तथा सतर्क रहने की अपील की जा रही है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
Related Articles

पतंजलि द्वारा विश्व योग दिवस पर होंगे विविध आयोजन
Jun 18, 2026
बढ़ती महंगाई पर पत्रकारों के सवालों पर महापौर की चुप्पी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुख्ता प्रमाण- राजेश …
Jun 18, 2026
