शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा, मौके पर ही चालक की गई जान
रायगढ़। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के बैहामुड़ा के आगे छाल रोड मुख्य मार्ग पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक और माजदा वाहन की आमने-सामने भिड़ंत में माजदा चालक मनोज मिंज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार कई लोग घायल हो गए।
झारखंड से बारात लेकर लौट रहा था माजदा वाहन
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अयोध्यापुरी कोरवा निवासी पौलुस सोरेंग की बारात 27 जनवरी 2026 को जिला सिमडेगा (झारखंड) गई थी। बारात में शामिल लोग माजदा वाहन क्रमांक CG-12-AX-2884 से लौट रहे थे। विवाह कार्यक्रम समाप्त होने के बाद 28 जनवरी की रात करीब 8:30 बजे वाहन कुसुमबेड़ा (सिमडेगा) से कोरबा की ओर रवाना हुआ।
तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, वाहन में फंसा चालक
घरघोड़ा-छाल मुख्य मार्ग पर बैहामुड़ा के आगे पहुंचते ही सामने से आ रही ट्रक क्रमांक CG-11-VJ-7541 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए माजदा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि माजदा चालक मनोज मिंज वाहन के केबिन में फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
तीन गंभीर घायल, जिला अस्पताल रायगढ़ रेफर
हादसे में माजदा के केबिन में बैठे निर्मल मिंज, जोसेफ सोरेंग और वालटन एक्का को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रायगढ़ रेफर किया गया है। वहीं पीछे बैठे रोशन खाखा, सुमिंज मिंज, अनिकेत खाखा सहित अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जिनका इलाज घरघोड़ा अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक चालक के शव का पंचनामा कर मर्ग कायम किया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। ट्रक चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल
इस दुर्घटना के बाद मृतक के गांव अयोध्यापुरी कोरवा सहित आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



Related Articles

कैबिनेट के बड़े फैसले: 10 जिलों में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, SOG को 44 नए पद, पायलट ट्रेनिंग संस्थान और क्लाउड फर्स्ट नीति को मंजूरी
Feb 4, 2026
जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद — तीन दिनों में 74 गौ वंश तस्करों के चंगुल से मुक्त, दो आरोपी गिरफ्तार
Feb 4, 2026
