धरमू माहरा शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक, जगदलपुर में कॉस्ट्यूम डिज़ाइन एवं ड्रेस मेकिंग शाखा के पाँचवें सेमेस्टर की छात्राओं द्वारा एक सस्टेनेबल फैशन प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। यह फैशन शो उनके प्रायोगिक विषय “फैशन शो एवं प्रदर्शनी” के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर छात्राओं ने पारंपरिक कपड़ों से हटकर बिना कपड़े के परिधानों का अनोखा प्रदर्शन किया। इन परिधानों को कार्टन, डिस्पोज़ल चम्मच, स्ट्रॉ, प्लेट, पॉलीथीन, समाचार पत्र एवं जूट बैग जैसी सामग्रियों से तैयार किया गया, जिसने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। छात्राओं की कल्पनाशीलता, नवाचार और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील सोच की सभी ने सराहना की।
इस रचनात्मक पहल की महाविद्यालय के प्राचार्य एस. के. त्रिवेदी सहित समस्त प्राध्यापकगण एवं स्टाफ ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने छात्राओं के प्रयासों को सतत विकास की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया। इस प्रदर्शनी की डिज़ाइनिंग एवं मार्गदर्शन विषय शिक्षिका मीतू अग्रवाल द्वारा प्रदान किया गया, जिनके निर्देशन में छात्राओं ने इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न किया।
यह आयोजन न केवल छात्राओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने वाला रहा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और पुनः उपयोग की भावना को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने में सफल रहा।


Related Articles

पतंजलि द्वारा विश्व योग दिवस पर होंगे विविध आयोजन
Jun 18, 2026
बढ़ती महंगाई पर पत्रकारों के सवालों पर महापौर की चुप्पी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुख्ता प्रमाण- राजेश …
Jun 18, 2026
