Skip to content

माँ दंतेश्वरी मंदिर चोरी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

सीसीटीवी से चोर की पहचान, सूचना देने पर 5 हजार रुपये इनाम घोषित

जगदलपुर। दिनांक 23 व 24 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि माँ दंतेश्वरी मंदिर, जगदलपुर में हुई चोरी की घटना को लेकर बस्तर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मंदिर पुजारी द्वारा 24 जनवरी की सुबह घटना की सूचना दिए जाने के तत्काल बाद पुलिस अधीक्षक बस्तर श्री शलभ सिन्हा के निर्देशन में जिला पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए बस्तर पुलिस द्वारा कुल 9 विशेष जांच टीमों का गठन किया गया है, जो मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही हैं। अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने शहर के 100 से अधिक शासकीय एवं निजी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए आरोपी चोर के चेहरे की पहचान कर ली है।

पुलिस द्वारा अज्ञात चोर के संबंध में सटीक एवं विश्वसनीय जानकारी देने वाले व्यक्ति को ₹5,000 नकद इनाम देने की घोषणा की गई है।

वहीं, जांच को आगे बढ़ाते हुए 4 से 5 टीमें उड़ीसा सहित पड़ोसी जिलों में भी सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

बस्तर पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान जैसे-जैसे नई जानकारियां प्राप्त होंगी, मामले में की जा रही आगे की कार्रवाई से भी सार्वजनिक रूप से अवगत कराया जाएगा।