जशपुर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर नाबालिग को भगा ले जाने वाले आरोपी को जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला 9 जनवरी 2026 का है, जब पत्थलगांव क्षेत्र के एक ग्राम निवासी प्रार्थी ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी 28 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 9 बजे अपनी दीदी के घर शादी देखने जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वहां पहुंची ही नहीं। मोबाइल संपर्क का प्रयास करने पर फोन भी स्विच ऑफ मिला। आसपास, रिश्तेदारों व सहेलियों के यहां तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने बच्ची को बहला-फुसलाकर भगाए जाने की आशंका जताई।
पुलिस ने प्रकरण में गुम इंसान एवं बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिरों, परिजनों एवं तकनीकी टीम की मदद से पुलिस को जानकारी मिली कि नाबालिग बालिका जिला बलरामपुर के एक ग्राम में आरोपी मुन्ना कुमार के साथ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम बलरामपुर रवाना की गई, जहां से आरोपी के कब्जे से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि पत्थलगांव क्षेत्र के एक मेले में उसकी पहचान आरोपी मुन्ना कुमार से हुई थी। मेले में काम करने वाला आरोपी मोबाइल के जरिए लगातार संपर्क में रहा और 28 दिसंबर 2025 को प्यार व शादी का झांसा देकर उसे बहला फुसलाकर भगा ले गया। इस दौरान आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म भी किया।
पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 87, 96, 69, 64(2)(M), 65(1), पॉस्को एक्ट की धारा 4 व 6 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(V) जोड़ी गई। नाबालिग का चिकित्सकीय परीक्षण कराकर उसे परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने आरोपी मुन्ना कुमार उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिगों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
Related Articles

महिला अपराधों पर रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई: बालिका से छेड़छाड़ और युवती से दुष्कर्म के दो मामलों में आरोपी गिरफ्तार
Feb 4, 2026
खैर तस्करों पर प्रहार राजस्व-वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 10 टन खैर लकड़ी जप्त, 4 आरोपी हिरासत में
Feb 4, 2026
