Skip to content

प्रदेश की साय सरकार में बस संचालकों की मनमर्जी,बिना किसी आदेश के वसूल रहे अधिक किराया:राजेंद्र पटवा

परिवहन मंत्री केदार कश्यप बताएं—किराया बढ़ाने के संबंध में कोई बैठक नहीं हुई,तो किसके संरक्षण में चल रहा मनमाना किराया वसूलने का खेल?

 

रायपुर-जगदलपुर बस किराए में 200 रुपए की अतिरिक्त वृद्धि से व्यापारी वर्ग परेशान,पहले ही महंगाई की मार झेल रही आम जनता की जेब पर सीधा डाका!

 

जगदलपुर।

बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के व्यापारी प्रकोष्ठ शहर अध्यक्ष राजेंद्र पटवा ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बस संचालकों की मनमर्जी किराया वृद्धि को लेकर तंज कसते हुए कहा भारतीय जनता पार्टी साय सरकार के राज में प्रदेश के बस संचालक पूरी तरह निरंकुश हो चुके हैं और जनता की गाढ़ी कमाई पर सरेआम डाका डाल रहे हैं। प्रदेश में बिना किसी आधिकारिक आदेश के बस संचालकों द्वारा मनमाने ढंग से बढ़ाए गए किराए को लेकर साय सरकार और परिवहन विभाग मौन क्यों है।इस अवैध वसूली पर सरकार की चुप्पी को लेकर कई गंभीर सवाल खड़ा करता है …!

शहर अध्यक्ष व्यापारी प्रकोष्ठ राजेंद्र पटवा ने परिवहन मंत्री केदार कश्यप को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा है कि जब विभाग द्वारा किराया बढ़ाने के संबंध में कोई आधिकारिक बैठक ही नहीं की गई है और न ही कोई नया किराया-पत्रक जारी हुआ है, तो फिर पूरे प्रदेश में यह अवैध वसूली किसके इशारे पर चल रही है?यह सीधा-सीधा जनता और व्यापारियों के साथ धोखा है। परिवहन मंत्री को प्रदेश की जनता को जवाब देना चाहिए कि बस संचालकों को यह मनमर्जी करने की छूट किसके संरक्षण में मिली हुई है? क्या विभाग के अधिकारी जानबूझकर आंखें मूंदे बैठे हैं?

 

राजेंद्र पटवा ने आगे कहा मुख्य रूप से जगदलपुर (बस्तर) से रायपुर मार्ग का हवाला देते हुए बताया कि बस संचालकों ने इस रूट पर सीधे 200 रुपए की अतिरिक्त बढ़ोतरी कर दी है। बस्तर और रायपुर के बीच रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े व्यापारी व्यापारिक सिलसिले में सफर करते हैं। इस अचानक और अवैध किराए में वृद्धि से व्यापारी वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। एक तरफ वैसे ही प्रदेश की आम जनता पहले ही कमरतोड़ महंगाई की मार झेल रही है, ऐसे में बस संचालकों द्वारा बिना किसी नियम-कायदे के वसूला जा रहा यह मनमाना किराया आम आदमी के बजट को पूरी तरह से बिगाड़ रहा है।

 

व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेंद्र पटवा ने कहा साय सरकार और परिवहन विभाग से हमारी मांग है कि अवैध रूप से बढ़ाए गए किराए पर तुरंत रोक लगाई जाए और पुराने निर्धारित दर पर ही टिकटें काटी जाएं।बिना आदेश के अतिरिक्त किराया वसूलने वाले बस संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उनके परमिट रद्द किए जाएं।प्रमुख बस स्टैंडों पर परिवहन विभाग के उड़नदस्तों की तैनाती हो, जो यात्रियों से फीडबैक लेकर अवैध वसूली करने वालों को रंगे हाथों पकड़ें और सख्त कार्यवाही करें!

शहर अध्यक्ष व्यापारी प्रकोष्ठ राजेंद्र पटवा ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि साय सरकार और परिवहन मंत्री ने इस खुली लूट को जल्द से जल्द बंद नहीं कराया,तो कांग्रेस पार्टी आम जनता और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।