योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है सुशासन तिहार – सांसद श्री महेश कश्यप
विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को सामग्री, प्रमाण पत्र एवं चेक का वितरण

जगदलपुर, 04 जून 2026/ सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिले के बकावंड विकासखंड के ग्राम उलनार में 15 पंचायतों के मध्य इस वर्ष का अंतिम समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बस्तर श्री महेश कश्यप ने कहा कि सुशासन तिहार शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो।उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभ लेने के लिए प्रेरित भी किया ।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सामग्री, प्रमाण पत्र एवं आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। साथ ही शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए योजनाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया।
समाधान शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं मांगों के निराकरण की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ सुभाऊ कश्यप, जिला पंचायत सदस्य श्री वनवासी मौर्य सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधिगण, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार के समापन अवसर पर आयोजित इस शिविर में शासन और जनता के बीच संवाद स्थापित करने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया।


