जगदलपुर। बस्तर धाकड़ समाज कल्याण समिति
जिला बस्तर पंजी. क्र 10281 ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को आत्मनिर्भर बनाने के लिए “धाकड़ समाज कल्याण निधि” बनाने का फैसला किया है।

माता मावली मंदिर में शनिवार को हुई बैठक में अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में योजना को सर्वसम्मति से मंजूरी मिली। तय हुआ कि समाज के सक्षम सदस्य हर माह योगदान देंगे। यह राशि उन बेरोजगार युवाओं को बिना ब्याज दी जाएगी जो किराना, ठेला, सिलाई, मोबाइल रिपेयरिंग, डेयरी फार्मिंग जैसे छोटे व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं।
कर्ज के जाल को तोड़ने का प्रयास
अध्यक्ष ठाकुर ने कहा कि कई परिवार कड़ी मेहनत के बाद भी दो वक्त की रोटी ही जुटा पाते हैं। ऊंची ब्याज पर साहूकार से लिया कर्ज पीढ़ी दर पीढ़ी बोझ बन जाता है। उन्होंने कहा, “समाज तभी तरक्की करेगा जब उसका कमजोर वर्ग भी मजबूत होगा”।
पारदर्शी वितरण की व्यवस्था
समिति ने निधि के वितरण में पारदर्शिता को सर्वोच्च रखा है। एकत्रित राशि का हिसाब सार्वजनिक होगा। लाभार्थी का चयन गहन जांच के बाद होगा और दी गई राशि समय पर वापस करने की शर्त होगी, ताकि वह दूसरों के काम आ सके।
चित्रकोट राम मंदिर पर सहमति
बैठक में चित्रकोट में बनने वाले भगवान राम के भव्य मंदिर पर भी चर्चा हुई। समाज ने इसे धार्मिक-सांस्कृतिक दायित्व मानते हुए निर्माण में पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया।
बैठक में सचिव, कार्यकारिणी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे। उपस्थित लोगों ने इसे सामुदायिक एकजुटता की नई मिसाल बताया।


