प्रदेश में लगातार गहराते खाद संकट और किसानों को समय पर आवश्यक उर्वरक उपलब्ध नहीं होने की समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ विधानसभा के उप नेता प्रतिपक्ष एवं बस्तर विधायक श्री लखेश्वर बघेल ने राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार किसानों के हितों की बात करती है और कृषि को प्राथमिकता देने के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश का किसान आज डीएपी और यूरिया खाद के लिए दर-दर भटकने और घंटों लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर है
श्री बघेल ने कहा कि वर्तमान समय खेती-किसानी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है खरीफ फसलों की बुवाई और कृषि कार्य तेजी से शुरू हो चुके हैं, लेकिन किसानों को समय पर बीज एवं खाद उपलब्ध नहीं होने के कारण वे गंभीर चिंता में हैं प्रदेश के विभिन्न सहकारी समितियों, सोसायटियों एवं खाद वितरण केंद्रों में किसानों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है, लेकिन मांग के अनुरूप खाद की उपलब्धता नहीं हो पा रही है
उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद नहीं दिया जा रहा है और दो एकड़ या उससे अधिक कृषि भूमि रखने वाले किसानों को भी केवल एक बोरी खाद देकर वापस भेजा जा रहा है इससे किसानों को खेती के कार्य में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है
बस्तर विधायक नें कहा कि यह स्थिति केवल अव्यवस्था नहीं, बल्कि किसानों के साथ अन्याय है प्रदेश का किसान पहले से ही मौसम की अनिश्चितता, बढ़ती लागत और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है ऐसे समय में बीज और खाद की कमी किसानों की परेशानियों को और बढ़ा रही है यदि किसानों को समय पर डीएपी, यूरिया एवं अन्य आवश्यक उर्वरक उपलब्ध नहीं कराए गए तो इसका सीधा असर फसल उत्पादन पर पड़ेगा, जिससे आने वाले समय में किसानों की आय प्रभावित होगी और कृषि व्यवस्था कमजोर होगी
उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं को मजबूत करना है यदि समय रहते खाद संकट का समाधान नहीं किया गया, तो प्रदेश के हजारों किसानों की खेती प्रभावित हो सकती है सरकार को चाहिए कि खाद भंडारण, वितरण और आपूर्ति व्यवस्था की तत्काल समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए
श्री बघेल ने प्रशासन से मांग की कि खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि वास्तविक किसानों तक खाद उचित मात्रा में पहुंचे साथ ही उन्होंने खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं वितरण में अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की उन्होंने कहा कि कई बार किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिलने के बावजूद निजी स्तर पर अधिक कीमतों पर खाद उपलब्ध होने की शिकायतें सामने आती हैं, जिसकी जांच आवश्यक है
उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को केवल खाद ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण बीज की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जानी चाहिए कई क्षेत्रों में किसानों द्वारा बीज उपलब्धता और गुणवत्ता को लेकर भी चिंता जताई जा रही है कृषि सीजन के दौरान बीज और खाद दोनों की पर्याप्त व्यवस्था होना बेहद आवश्यक है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े
छत्तीसगढ़ विधानसभा उप नेता प्रतिपक्ष श्री लखेश्वर बघेल ने राज्य सरकार से मांग की कि प्रदेशभर में डीएपी एवं यूरिया खाद की पर्याप्त आपूर्ति तत्काल सुनिश्चित की जाए, वितरण व्यवस्था में सुधार लाया जाए तथा किसानों को राहत देने के लिए विशेष निगरानी तंत्र बनाया जाए
उन्होंने कहा कि किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं अन्नदाता की उपेक्षा किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती कांग्रेस पार्टी किसानों के मुद्दों को लगातार उठाती रही है और आगे भी किसानों के अधिकार, सम्मान एवं हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी


