Skip to content

मरीन ड्राइव स्थित आशीष सोलर सॉल्यूशन कार्यालय में तोड़फोड़ और मारपीट मामले के 4 आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन क्लीन हंट” अभियान के तहत मरीन ड्राइव स्थित नगर निगम कॉम्प्लेक्स में संचालित आशीष सोलर सॉल्यूशन कार्यालय में हुई तोड़फोड़, मारपीट और धमकी के मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों को चक्रधरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रवि गुप्ता उर्फ रविन्द्रनाथ प्रसाद (36 वर्ष) निवासी रेलवे बंगला पारा, रायगढ़ ने 21 जनवरी 2026 को थाना चक्रधरनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 21 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे वह अपने कार्यालय में मौजूद था। इसी दौरान भोजन ऑर्डर करने के लिए कार्यालय के नीचे स्थित एक कैफे में गया, जहां कुछ लोग शराब के नशे में विवाद कर रहे थे। समझाइश देने पर एक युवक ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि कुछ देर बाद उक्त युवक अपने साथियों के साथ आशीष सोलर सॉल्यूशन कार्यालय पहुंचा, जहां गाली-गलौज करते हुए तोड़फोड़ की गई तथा मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 26/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। घटना के बाद आरोपी फरार चल रहे थे।
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों आयुष राजपूत, आयुष सिंह, प्रथम अम्बूवानी उर्फ करण अम्बूवानी और रोहित सोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक गेंदालाल साहू एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि फरार वारंटियों और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर पुलिस की सतत निगरानी है।