खरसिया/छत्तीसगढ़। गौ माता को राज्य माता का दर्जा (state mother status to cow) दिलाने सहित कई मांगों को लेकर शिवसेना द्वारा चलाया जा रहा महा हस्ताक्षर अभियान अब प्रदेशभर में तेज हो गया है। इसी क्रम में 27 अप्रैल को शिवसेना द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

गौ रक्षा को लेकर चल रहा जनअभियान
शिवसेना विधानसभा अध्यक्ष पिंटू यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान गौ रक्षा (cow protection) के समर्थन में चलाया जा रहा है। इसके तहत गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौ तस्करी में उपयोग होने वाले वाहनों को राजसात करने और गौ हत्या पर हत्या का मामला दर्ज करने जैसी मांगें प्रमुख रूप से शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यह अभियान खरसिया विधानसभा सहित पूरे प्रदेश में तेजी से आगे बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़ रहे हैं।
गौठानों को गौशाला बनाने की मांग
अभियान के तहत गांव-गांव स्थित गौठानों को गौशाला का स्वरूप देने, घुमंतू गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कलेक्टर दर पर गौ सेवकों की नियुक्ति की मांग भी उठाई जा रही है।
शिवसेना नेताओं का कहना है कि इस दिशा में लंबे समय से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और संगठन की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी 5 वर्षों तक धरना-प्रदर्शन किया गया है।
प्रदेशभर में चल रहा हस्ताक्षर अभियान
शिवसेना प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार की अगुवाई में 3 जुलाई को रायपुर कार्यालय से इस अभियान की शुरुआत की गई थी। पहले चरण में इसे दुर्ग संभाग में शुरू किया गया था, जिसके बाद अब यह पूरे प्रदेश में फैल चुका है।
कार्यकर्ता घर-घर जाकर और सार्वजनिक स्थानों पर स्टॉल लगाकर लोगों से हस्ताक्षर एकत्र कर रहे हैं। अब तक हजारों लोग इस अभियान को समर्थन दे चुके हैं।
सरकार की बैठकों का भी जिक्र
शिवसेना नेताओं का दावा है कि इस अभियान के प्रभाव से राज्य सरकार ने गौ सुरक्षा को लेकर उच्च स्तरीय बैठकें आयोजित की हैं और गौधाम की घोषणा भी की गई है।
27 अप्रैल को सौंपा जाएगा ज्ञापन
इसी क्रम में 27 अप्रैल को शिवसेना पदाधिकारी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे, जिसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम प्रेषित किया जाएगा। ज्ञापन के साथ आम जनता के समर्थन स्वरूप हस्ताक्षरित प्रतियां भी संलग्न की जाएंगी।
शिवसेना का कहना है कि यह अभियान गौ संरक्षण और संवर्धन की दिशा में एक बड़ा जनआंदोलन बनता जा रहा है।


