Skip to content

स्वस्थ किशोर, सशक्त समाज: बस्तर में स्वास्थ्य जागरूकता की अनूठी पहल

जगदलपुर। बस्तर के किशोरों के बेहतर और स्वस्थ भविष्य के उद्देश्य से ‘बस्तर सामाजिक जन विकास समिति’ द्वारा एक सराहनीय पहल की जा रही है। संस्था के बाल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत जगदलपुर ब्लॉक के 20 क्रियान्वित ग्रामों में किशोरों को स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं प्रदान कर उन्हें एक सुरक्षित स्वास्थ्य कवच देने का प्रयास किया जा रहा है।
संस्था के संस्थापक एवं सचिव डॉ. सुशील कुमार पाण्डेय ने जानकारी दी कि वर्तमान में संस्था 20 गांवों में 800 से अधिक बच्चों को स्वास्थ्य, शिक्षा, शासकीय योजनाओं का लाभ एवं आर्थिक सहयोग उपलब्ध करा रही है। इसी क्रम में 11 अप्रैल से किशोरों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान प्रारंभ किया गया है।

उन्होंने बताया कि किशोरावस्था (11 से 21 वर्ष) जीवन का एक संवेदनशील चरण होता है, जिसमें शारीरिक एवं मानसिक स्तर पर महत्वपूर्ण परिवर्तन होते हैं। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान पोषण की कमी भविष्य में एनीमिया एवं सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है। शिविर का मुख्य उद्देश्य ‘अर्ली डायग्नोसिस’ यानी समय रहते बीमारी की पहचान कर उचित उपचार सुनिश्चित करना है।

इस अभियान के तहत जिला चिकित्सकों के सहयोग से बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्त परीक्षण एवं सिकल सेल जांच की जा रही है। साथ ही पोषण, संतुलित आहार एवं मासिक धर्म स्वच्छता जैसे विषयों पर जागरूकता सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचलित भ्रांतियों को दूर कर किशोरियों को वैज्ञानिक एवं सुरक्षित व्यवहार के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, ‘ब्रेन एक्टिविटीज’ एवं मानसिक स्वास्थ्य सत्रों के माध्यम से किशोरों में तनाव प्रबंधन, सोचने-समझने की क्षमता एवं निर्णय लेने की दक्षता को भी विकसित किया जा रहा है। अब तक 12 गांवों के 200 से अधिक किशोरों को इस अभियान के तहत नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं।

गौरतलब है कि संस्था अपने कार्यक्षेत्र में महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों, नशा पीड़ितों एवं भिक्षावृत्ति से जुड़े लोगों के सामाजिक उत्थान हेतु निरंतर कार्य कर रही है। 12 गांवों में मिली सफलता के बाद शेष गांवों में भी यह अभियान उत्साहपूर्वक जारी रखा जाएगा।

इस अवसर पर डॉ. स्वाती परासर, डॉ. सुशील कुमार पाण्डेय, फील्ड ऑफिसर डॉ. नारायण दास पंथ, डॉ. रिवान साहू सहित समस्त कम्युनिटी मोबिलाइजर उपस्थित रहे। संस्था का लक्ष्य ‘सर्वांगीण बाल विकास’ को साकार करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है।