Skip to content

सिंघनपुर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कोयला ट्रेलर ने गर्भवती महिला को रौंदा, मौके पर मौत से भड़का जनआक्रोश

भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, कोयला लोड ट्रेलर ने ली एक जान

रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघनपुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कोयला लोड ट्रेलर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई।


आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उमा राठिया की मौके पर मौत, परिवार के सदस्य घायल

जानकारी के अनुसार मृतका उमा राठिया स्कूटी पर अपने पति और बच्चे के साथ जा रही थीं, तभी ट्रेलर क्रमांक CG-13-AD-2483 ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गई और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।


हादसे में पति और बच्चा घायल, अस्पताल में कराया गया भर्ती

इस दुर्घटना में मृतका के पति और बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।


घटना के बाद चालक फरार, ग्रामीणों का सड़क पर चक्काजाम

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। ग्रामीण प्रशासन से उचित मुआवजा और भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण की मांग कर रहे हैं।


पुलिस मौके पर तैनात, स्थिति नियंत्रण में लाने का प्रयास जारी

सूचना मिलते ही खरसिया एसडीओपी प्रभात पटेल और भूपदेवपुर थाना प्रभारी संजय नाग पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस लगातार ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम हटवाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।