जयपुर में आयोजित वर्ल्ड वाइड सुपर लीग ताइक्वांडो चैंपियनशिप में चमका छत्तीसगढ़ का सितारा
राजस्थान के जयपुर में 10 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित वर्ल्ड वाइड सुपर लीग इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप सीजन-2 में छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा निवासी ऋषभ सिंह ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
क्वार्टर फाइनल से फाइनल तक दमदार प्रदर्शन, झारखंड–हरियाणा–नेपाल को दी मात
प्रतियोगिता में 35 किलोग्राम वर्ग में ऋषभ ने क्वार्टर फाइनल में झारखंड, सेमीफाइनल में हरियाणा और फाइनल में नेपाल के खिलाड़ी को हराकर गोल्ड मेडल हासिल किया। उनके इस प्रदर्शन ने न केवल जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन किया।

टीम प्रदर्शन भी शानदार, विनर एकेडमिक के खिलाड़ियों ने जीते 5 गोल्ड और 4 सिल्वर
विनर एकेडमिक घरघोड़ा के 8 खिलाड़ियों ने कोच ऋषि सिंह के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में भाग लिया था। पूरे टूर्नामेंट में टीम ने कुल 5 गोल्ड और 4 सिल्वर मेडल जीतकर बेहतरीन प्रदर्शन किया।

संघर्ष, सीमित संसाधन और मेहनत ने बनाया चैंपियन
ऋषभ ने बताया कि सीमित संसाधनों और कम समय में तैयारी के बावजूद उनका सपना गोल्ड मेडल जीतना था, जो पूरा हुआ। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय कोच ऋषि सिंह और परिवार को दिया।
परिवार और कोच का रहा अहम योगदान, भावुक हुआ जीत का सफर
प्रतियोगिता के दौरान उनकी बहन रोशनी सिंह ने जयपुर में रहकर उनका उत्साह बढ़ाया, जबकि घर पर परिवारजन और कोच लगातार समर्थन देते रहे। ऋषभ ने अपनी जीत अपने दिवंगत दादा जी को समर्पित की, जिनका आशीर्वाद हमेशा उनके साथ रहा।
क्षेत्र में खुशी की लहर, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने दी बधाई
ऋषभ की इस उपलब्धि पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र चौधरी, उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी, शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्य और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


