Skip to content

नशे के सौदागरों पर बस्तर पुलिस का बड़ा वार! अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़, जगदलपुर–ओडिशा से 2 आरोपी गिरफ्तार

आमागुड़ा चौक में घेराबंदी कर आरोपी गिरफ्तार, काले थैले से नशीली दवाओं का जखीरा बरामद

बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आमागुड़ा चौक में घेराबंदी कर एक आरोपी समीर बघेल को गिरफ्तार किया, जो काले थैले में प्रतिबंधित नशीली ट्रामाडोल कैप्सूल लेकर बिक्री के लिए खड़ा था।


तलाशी में भारी मात्रा में ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद, युवाओं को सप्लाई की तैयारी

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 27 पत्तों में कुल 216 नग ट्रामाडोल कैप्सूल (लगभग 120.96 ग्राम) बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1,08,000 रुपये बताई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह नशीली दवाएं शहर में युवाओं को बेचने के लिए लाया था।


ओडिशा कनेक्शन उजागर, मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहा था अवैध नेटवर्क

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह प्रतिबंधित दवाएं ओडिशा के नबरंगपुर स्थित एक मेडिकल संचालक से खरीदकर लाता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी सम्मुख ईश्वर उर्फ सोनू को नबरंगपुर से गिरफ्तार किया।


अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट का पर्दाफाश, मेडिकल स्टोर की आड़ में हो रहा था कारोबार

जांच में यह सामने आया कि मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई का संगठित नेटवर्क चल रहा था। पुलिस का मानना है कि यह एक अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट है, जिसकी आगे विस्तृत जांच की जा रही है।


NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल

दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका से बड़ा नेटवर्क उजागर

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने मुखबिर सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर पूरे रैकेट का खुलासा किया।