Skip to content

अवैध सागौन परिवहन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई,वाहन सहित लकड़ी जब्त

बलौदाबाजार,10 अप्रैल 2026/ वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर के निर्देशानुसार अर्जुनी वन परिक्षेत्र अंतर्गत वन विभाग द्वारा अवैध सागौन लकड़ी परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए महिंद्रा जीतो प्लस वाहन को सागौन लट्ठों के साथ जब्त किया गया। आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही क़ी जा रही है।

वन विभाग को पूर्व में प्राप्त गुप्त सूचना एवं सतर्क निगरानी के आधार पर संबंधित स्टाफ को अलर्ट मोड में रखा गया था। इसी क्रम में 8 अप्रैल को रात्रि लगभग 11:30 बजे बंगलापाली के समीप दबिश देकर आरोपियों को लकड़ी सहित रंगे हाथों पकड़ा गया।

इस प्रकरण में गंगाराम सागर (महकम), शिवप्रसाद केवट (सोनाखान), अंजोर साहू (मानाकोनी), कैलाश यादव (सोनाखान) एवं भुनेश्वर पटेल (महकम) को पकड़ा गया। जब्त वन उपज एवं वाहन को विधिवत अभिरक्षा में लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक पंजीबद्ध कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग द्वारा सतत निगरानी एवं विशेष गश्त के माध्यम से इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करने हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह कार्रवाई वन संपदा की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे अवैध कटाई एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।