जगदलपुर। Chhattisgarh के बस्तर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बोधघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी करते दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 10.09 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत 5 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी, बाइक से कर रहे थे सप्लाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल से ओडिशा से जगदलपुर की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने अडावाल रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान नीले बैग में तीन पैकेटों में रखा 10.09 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपियों के पास इस मादक पदार्थ के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
ओडिशा के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणपति माली (40 वर्ष) और श्याम सुंदर बीसाई (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ओडिशा के कोरापुट जिले के निवासी हैं। दोनों लंबे समय से गांजा सप्लाई में संलिप्त बताए जा रहे हैं।
मोबाइल, बाइक और नकदी भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 500 रुपए नगद भी जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20 (b) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नशे के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस लगातार नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में नशे के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।


