Skip to content

ऑपरेशन “तलाश” में बड़ी सफलता: सरेराह युवती से छेड़खानी के मामले में 4 फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

युवतियों का पीछा कर की थी छेड़खानी, पहले एक आरोपी हो चुका था गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत महिला थाना रायगढ़ को बड़ी सफलता मिली है। सरेराह युवती से छेड़खानी और पीछा करने के मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इससे पहले मामले में एक आरोपी नरेन्द्र महावर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।


दवाई लेने निकली युवतियों का रास्ता रोककर की गई थी अशोभनीय हरकत

घटना 09 फरवरी 2026 की रात की है, जब एक युवती अपनी ममेरी बहन के साथ दवाई लेने रायगढ़ जा रही थी। चांदमारी रोड पर कार रोककर दोनों को निशाना बनाया गया। आरोप है कि पांच युवकों ने पहले पीछा किया, फिर रियापारा तिराहा चौक के पास कार को ओवरटेक कर रोक लिया और अश्लील इशारे व अभद्र टिप्पणी की।


ग्रैंड विटारा कार से हुआ पीछा, जांच में सामने आए आरोपी

मामले की जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने ग्रैंड विटारा कार का उपयोग किया था। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि घटना के समय वाहन नरेन्द्र महावर चला रहा था, जिसे पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।


ऑपरेशन तलाश के तहत दबिश देकर चार आरोपी गिरफ्तार

महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी। मुखबिर सूचना के आधार पर प्रदीप पटेल, राहुल गुप्ता, कमलेश यादव और संगम कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ पर सख्त कार्रवाई जारी: एसएसपी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के सम्मान के साथ छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ “ऑपरेशन तलाश” के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।